- करवड़ थाना पुलिस की सूचना पर हरियाणा निर्मित शराब से भरा ट्रक जब्त
जोधपुर.
जिले की मतोड़ा थाना पुलिस ने किंजरी से तापू गांव जाने वाले मार्ग पर झाडिय़ों में खड़े ट्रक से अंग्रेजी शराब के 286 कार्टन जब्त किए। चालक व शराब तस्कर पकड़ में नहीं आ सके।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनिल कयाल ने बताया कि करवड़ थानाधिकारी कैलाशदान ने अवैध शराब से भरे एक ट्रक के किंजरी से तापू गांव जाने वाली रोड पर होने की सूचना दी। इस पर क्षेत्र में नाकाबंदी कराई गई। मतोड़ा थानाधिकारी नेमाराम ने तलाश शुरू की और किंजरी से तापू जाने वाली रोड पहुंचे, जहां कच्चे मार्ग पर झाडिय़ों में गुजरात नम्बर का ट्रक लावारिस हालत में खड़ा नजर आया। ट्रक में जांच करने पर शराब की पेटियां नजर आईं। मौके पर कोई भी व्यक्ति नहीं मिला।
पुलिस ट्रक को थाने लाई, जहां गिनती करने पर हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के 286 कार्टन जब्त किए गए। आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। ट्रक में मिले सुरागों के आधार पर चालक व अन्य तस्करों के बारे में पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।