
- पुलिस की कार्रवाई के बावजूद धड़ल्ले से मोबाइल काम में लेकर चला रहे वाहन
- अब तक बीस लाइसेंस निरस्त, दो चालान दुबारा जांच के लिए पुलिस को भेजे
जोधपुर . सड़क हादसों पर रोकथाम के लिए हाईकोर्ट के आदेश के बाद वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल पर पुलिस ने 12 दिन में 384 चालान बनाए हैं। परिवहन विभाग ने 20 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। दो लाइसेंस दुबारा जांच के लिए पुलिस को लौटाए गए हैं। इन सबके बावजूद वाहन चलाने वालों पर कोई असर नजर नहीं आ रहा है। शहर की सड़कों पर अब कई लोग वाहन चलाते समय मोबाइल कान में दबाए बात करते देखे जा सकते हैं। हाईकोर्ट ने 27 अप्रेल को वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों के चालान कर परिवहन विभाग को भेजने व लाइसेंस रद्द करने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद यातायात पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के चालान बनाकर ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर प्रतिदिन परिवहन विभाग भेजने शुरू कर दिए गए।
रोजाना 40 से 50 चालान-लाइसेंस
यातायात पुलिस की मानें तो हाईकोर्ट के सख्त रवैये से पहले भी चालान बनाए जा रहे थे। हालांकि ऐसे चालकों के लाइसेंस निरस्त के बजाय निलम्बित किए जाते थे। अब प्रतिदिन 40 से 50 लाइसेंस जब्त कर निरस्त करने की अनुशंषा के साथ परिवहन विभाग को भेजे जा रहे हैं।
मानसिकता बदलने की आवश्यकता
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) निर्मला विश्नोई ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश जारी होने के बाद से अब तक 384 वाहन चालकों के चालान बनाकर परिवहन विभाग भेजे गए हैं। ऐसे वाहनों चालकों की मानसिकता बदलने की आवश्यकता है, जो मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाते हैं।
बीस लाइसेंस निरस्त
जिला परिवहन अधिकारी-द्वितीय गणपत पूनड़ ने बताया कि पुलिस ने जिन वाहन चालकों के फोन पर बात करते हुए फोटो के साथ नाम व पते दिए, उनको अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किए गए। इनमें 20 वाहन चालकों को सुनवाई के लिए बुलाया। इनमें से 19 वाहन चालक नहीं आए। इस पर उनके लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। एक वाहन चालक ने अधिकारियों के सामने अपनी गलती स्वीकारी। उसका भी लाइसेंस जब्त कर लिया गया, जबकि दो वाहन चालकों ने गलती नहीं मानी। इस पर पुलिस को सही तरीके से जांच कर वापस नाम भेजने को कहा है।