जोधपुर

मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा पर पथराव के बाद BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आ रहे हैं जोधपुर

-युवाओं में जोश भरने 16 को जोधपुर आएंगे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह-भाजपा के संभाग स्तरीय युवा सम्मेलन सम्मेलन में भाग लेंगे
2 min read
Sep 02, 2018
Amit Shah is coming after stone throwing on Gaurav Yatra in Jodhpur
मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा पर पथराव के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आ रहे हैं जोधपुर

जोधपुर.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गढ़ में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा के रथ पर पथराव के बाद पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का जोधपुर दौरा तय हो गया है। शाह 16 सितम्बर को जोधपुर आएंगे। वे यहां भाजपा के संभाग स्तरीय युवा सम्मेलन सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। शाह के जोधपुर दौरे को लेकर भाजपा के नेता तैयारियों में जुट गए हैं। हाल ही मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का जोधपुर दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के गौरव यात्रा के जोधपुर आने के दौरान भाजपा से यह खबर आई थी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जोधपुर शहर में संभाग स्तर पर गौरव यात्रा के कार्यक्रम में भाग लेने आएंगे। लेकिन जोधपुर जिले में गौरव यात्रा के खिलाफ भारी विरोध-प्रदर्शन, काले झण्डे दिखाने तथा पीपाड़ में पथराव की घटना के बाद जोधपुर शहर का कार्यक्रम स्थगित हो गया था।

पथराव की घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया था। दोनों तरफ से एक दूसरे पर निशाने साधे गए। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर पथराव कराने का आरोप लगाया। दूसरे ही दिन पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर पहुंचे तो उन्होंने प्रेस के समक्ष यह कह दिया कि मुख्यमंत्री की इतनी हिम्मत कैसे हो गई कि वो उन पर आरोप लगाएं। पूर्व मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद भी राजनीति में हलचल मच गई। सरकार के मंत्री राजेन्द्रसिंह राठौड़, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट सहित कई नेताओं की प्रतिक्रिया ने पत्थर पालीटिक्स छेड़ दी थी।


युवाओं में जोश भरेंगे शाह-
भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने 16 सितम्बर को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जोधपुर आएंगे। वे यहां भाजपा के संभाग स्तरीय युवा सम्मेलन सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। वे यहां एक दिन के प्रवास पर रहेंगे। शाह के जोधपुर दौरे को लेकर भाजपा के नेता तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजस्थान प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कार्यकर्ताओं को अभी से शाह की यात्रा की तैयारियों में जुटने को कहा है। एक दिन के प्रवास पर शनिवार दोपहर जोधपुर पहुंचे खन्ना ने लघु उद्योग भारतीय भवन में भाजपा शहर जिला कार्यकारिणी की वृहद् बैठक में भाग लिया और कार्यकर्ताओं को सकारात्मक सोच के साथ जोरशोर से विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

मोदी को प्रधानमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता

उन्होंने कहा कि माहौल भाजपा के पक्ष में है और हम दुबारा राजस्थान में सत्ता में आएंगे। राजस्थान फिर से जीत गए तो एक बार नरेन्द्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा पूरा विपक्ष एकजुट होकर भाजपा को सत्ता में आने से रोकने का प्रयास कर रहा है। बैठक में केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत, महापौर घनश्याम ओझा, विधायक सूर्यकांता व्यास, कैलाश भंसाली, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी भी उपस्थित थे।

Updated on:
02 Sept 2018 01:39 am
Published on:
02 Sept 2018 06:06 am