केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की शनिवार को देर रात की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अगवानी की।
जोधपुर। देश के एकमात्र ऐसे व्यक्ति जिनके साथ न इतिहास ने न्याय किया और न ही देश ने, उनके गुण, त्याग, बलिदान व दूरदर्शिता का सुफल देश को आज भी चखने के लिए मिल रहा है। भाजपा के शासन से पहले उनको उचित न्याय व सम्मान भी नहीं मिला था।
अब भाजपा ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति लगवाई और उन्हें मान दिया। यह बात देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कही। वे सर्किट हाउस परिसर में सरदार पटेल की मूर्ति अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
शाह ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक परिवार की भक्ति में रची बसी कांग्रेस पार्टी ने सरदार पटेल की याद में कोई स्मारक तक नहीं बनाया। सालों तक दबाने का प्रयास किया, लेकिन सत्य को कोई दबा नहीं सकता। सूरज की तरह दैदिप्यमान होकर आता है। सरदार पटेल ने खुद कभी नाम - प्रसिद्धी की चिंता नहीं की। अगर वे नहीं होते तो 556 से ज्यादा रियासतें एक होकर भारत का नक्शा नहीं दिखता।
जोधपुर के साथ गुजरात व राजस्थान की कई रियासतों को एकजुट कर भारत में शामिल किया। जोधपुर में लगी यह प्रतिमा कई पीढियों तक युवाओं को प्रेरणा देती रहेगी। इस बार उसकी 150की जयंती को दो वर्ष मनाने का निर्णय किया है।