
जाेधपुर। आसाराम ने जेल में बनी दाल व रोटी नहीं खाई। उसे रात में नींद भी नहीं आर्इ। फैसले के बाद से ही वह गुमसुम है। आसाराम को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने की उम्मीद नहीं थी।
आसाराम का दिन तनाव, चिंता व मायूसी में निकला। वह सजा सुनने के बाद गुमसुम रहा। इसके बाद शाम चार बजे वह बैरक में चला गया। आसाराम शाम को भी बैचेन रहा। सुनवाई के दौरान कोई भी सुरक्षाकर्मी विशेष कोर्ट में नहीं जा पाया। जेल के सभी बैरक के गेट बंद रखे गए।
कोर्ट रूम में आया तो खुश था
विशेष कोर्ट रूम एक बड़े हॉल में तैयार किया गया। इसमें सामने जज की कुर्सी, जज सामने बायीं तरफ बीस-पच्चीस कुर्सियां लगाई गई, जहां वकील बैठे। एक तरफ कोर्ट कर्मचारी बैठे। जज के दाई ओर दो टेबल कटघरे की आकृति में लगवाई गई।
इसमें आसाराम की कुर्सी लगाई गई। आसाराम की कुर्सी के पास जमीन पर बिछी दरी पर शिल्पी, शिवा व शरद बैठे। सुबह आसाराम जब 9.50 बजे तक कोर्ट रूम में आया तो खुश था। उसने वकीलों व जज को हाथ जोड़कर नमस्कार किया।
वकीलों ने कहा- सब्र रखो बापू
जब आसाराम को दोषी करार दिया गया तो वह उदास हुआ। उसने वकीलों को रामचरित मानस की चौपाई ‘होई है वही जो राम रचि राखा...’ गाकर सुनाई और भगवान पर भरोसा रखने की बात कही। उसके चेहरे पर सिकन थी। वह जबरन मुस्कराने की कोशिश करता दिखा।
दोपहर में जैसे ही आजीवन कारावास की सजा का पता चला, वह तनाव में आ गया। सजा सुनाने के बाद वकील उससे सब्र रखने का कहते हुए हाईकोर्ट में अपील की बात कही।
इस दौरान उसने कहा कि उसे बिना कुछ करे ही इतनी कड़ी सजा दे दी, अब हाईकोर्ट में अपील करेंगे, मुझे उम्मीद है, राहत मिलेगी। इसके बाद सभी चले गए, लेकिन आसाराम सिर पर हाथ रखकर कोर्ट रूम में ही बैठा रहा।
नहीं खाई जेल की दाल-रोटी
लाखों समर्थकों, भक्तों से घिरा रहने वाला और संत कहलाने वाला आसाराम अब जोधपुर सेंट्रल जेल का कैदी नम्बर 130 हो गया है। आजीवन कारावास की सजा होने के बाद आसाराम को जेल का खाना ही दिया जाएगा।
शाम को जेल में बनी दाल व रोटी दी गई, लेकिन उसने नहीं खाई। उसके लिए अब तक दोनों वक्त का खाना उसके पाल स्थित आश्रम से जा रहा था।
आसाराम ने स्वास्थ्य कारणों के चलते कोर्ट से अनुमति लेकर आश्रम का खाना मंगवाना शुरू किया था। यह खाना तभी तक दिया जा सकता था, जब तक उसके मामले में फैसला नहीं आया हो।
जेल में पिलाएगा पौधों को पानी
आसाराम को जेल में पौधों का पानी पिलाने व उनकी देखरेख सौंपी गई है। जेल सूत्रों के अनुसार आसाराम की उम्र को देखते हुए यह हल्का-फुल्का काम सौंपा गया है। वैसे आसाराम जेल में कई बार पौधों की देखरेख में बंदियों से चर्चा भी करता रहा है।
निर्भया केस में कहा था, ताली एक हाथ से नहीं बज सकती
आसाराम ने निर्भया केस में कहा था, ‘वह (पीड़ित लड़की) अपराधियों को भाई कहकर पुकार सकती थी। इससे उसकी इज्जत और जान भी बच सकती थी। क्या ताली एक हाथ से बज सकती है, मुझे तो ऐसा नहीं लगता।’ यह दलील देकर आसाराम ख़ुद को अपने प्रवचनों में भक्तों की नजर में बेगुनाह साबित करने की कोशिश कर रहा था।
‘कानून के रखवाले निष्पक्ष हों तो कमजोर भी जीत सकता है’
आसाराम के खिलाफ एफआईआर जोधपुर पहुंचने पर 21 अगस्त 2013 की शाम महिला थाना पश्चिम में मामला दर्ज किया था। उसी रात मैंने मणाई आश्रम में पीड़िता के साथ वारदात स्थल का निरीक्षण किया। वारदात को छह दिन बीत जाने से मौके पर साक्ष्य मिटाए जा चुके थे। पीडि़ता से वारदात का रिक्रिएशन कर साक्ष्य जुटाए गए थे। कानून की पालना करने वाले निष्पक्ष व निर्भीक होकर कार्य करें तो कमजोर से कमजोर व्यक्ति भी जीत सकता है।
- अजयपाल लाम्बा, तत्कालीन डीएसपी
7 दिन में बयान, एक साल में जिरह, सवालों के बेखौफ दिए जवाब
देशभर में बेटियों से दुष्कर्म मामलों की जांच सही तरीके से हो तो कोई भी अपराधी बच नहीं सकत। मैंने खुद आसाराम को हथकड़ी लगाई थी। जोधपुर में पहली पोस्टिंग थी। हाई प्रोफाइल केस देख थोड़ी घबराई, लेकिन अनुसंधान का जिम्मा मिलने के बाद उन बेटियों का चेहरा सामने था, जो उनकी दरिंदगी का शिकार बनी। तब जांच के दौरान ठोस गवाह और सबूत जुटाकर न्यायालय में पेश किए, जिससे दुष्कर्मी को कड़ी सजा मिली।
- चंचल मिश्रा, डीएसपी