जोधपुर

बड़ी सादड़ी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन का बैंक खाता व बीमा पॉलिसी फ्रीज

- कार से 10.5 किलो अफीम जब्ती के मामले में बैंक खाते में जमा 2.31 लाख रुपए व 3.29 लाख की बीमा पाॅलिसी फ्रीज

less than 1 minute read
Apr 09, 2025
कार के डीजल टैंक में मिली अफीम। फाइल फोटो

जोधपुर.

नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो ने अफीम के 10.5 किलो दूध जब्त करने के मामले में आरोपी चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ी सादड़ी में नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन निर्मल पितलिया की 5.60 लाख रुपए की सम्पत्ति फ्रीज की। इसमें एक बैंक खाता और बीमा पॉलिसी शामिल है।

ब्यूरो के क्षेत्रीय निदेशक घनश्याम सोनी ने बताया कि गत वर्ष 30 अगस्त को उदयपुर में एनएच-27 पर गोगुन्दा टोल नाका के पास महाराष्ट्र नम्बर की कार से अफीम का 10.5 किलो दूध जब्त किया था। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर चित्तौड़गढ़ में बड़ी सादड़ीथानान्तर्गत ब्रह्मपुरी निवासी निर्मल पितलिया व कृष्ण वाटिका निवासी इलियास को गिरफ्तार किया गया था। एनसीबी ने इनकी सम्पत्तियों की जांच की। जिसमें निर्मल के निजी बैंक खाते में 2,31,161 रुपए और 3,29,923 रुपए की बीमा पॉलिसी होने की जानकारी सामने आई। इन्हें ड्रग्स की तस्करी से अर्जित आय मानकर ब्यूरो ने एनडीपीएस की धारा 68एफ में फ्रीज करने की कार्रवाई शुरू की। कुल 5.61 लाख रुपए की सम्पत्ति फ्रीज करने संबंधी इस्तगासा दिल्ली के सफेमा में दाखिल किया, जहां से यह सम्पत्ति फ्रीज करने की पुष्टि की।

कार के डीजल टैंक में छिपाई थी अफीम की खेप

एनसीबी ने 30 अगस्त 2024 को गोगुन्दा टोल नाका पर महाराष्ट्र नम्बर की कार रोककर तलाशी ली थी। एकबारगी कार में कुछ नहीं मिला था। सूचना पुख्ता होने पर ब्यूरो ने दुबारा सघन तलाशी ली थी। तब डीजल टैंक में पॉलिथीन की दो थैलियों में अफीम का दूध मिला था।

Published on:
09 Apr 2025 11:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर