जोधपुर

राजस्थान से बड़ी खबर, 10 फीट हवा में उछला पुलिसकर्मी, बदमाशों ने कार से मारी टक्कर, फिर हो गए फरार

नाकेबंदी के दौरान बदमाशों ने एक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी और फरार हो गए।
less than 1 minute read
• •
Updated: 3 May 2025, 10:51 AM IST
Feature image

देर रात नाकेबंदी के दौरान बदमाशों ने एक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी और फरार हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एएसआई करीब दस फीट उछलकर नीचे गिरे। घटना में एएसआई ओमप्रकाश घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। मामला जोधपुर शहर के विवेक विहार थाना इलाके का है।

पुलिस के अनुसार देर रात संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए नाकेबंदी की गई थी। रूटीन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया। शुरू में कार चालक ने गाड़ी की स्पीड धीमी कर दी, जिससे पुलिस को लगा कि वाहन रुक जाएगा। लेकिन अचानक कार की रफ्तार तेज कर दी गई और एएसआई ओमप्रकाश को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एएसआई सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायल एएसआई को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के तुरंत बाद कार सवार बदमाश मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि कार और उसमें सवार लोगों की तलाश की जा रही है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार में कितने लोग सवार थे और वे कहां से आए थे। पुलिस का मानना है कि कार में सवार युवक किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल हो सकते हैं, क्योंकि उन्होंने जांच से बचने के लिए जानबूझकर पुलिसकर्मी को टक्कर मारी।

पुलिस की ओर से आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि कार की लोकेशन और बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Updated on:
3 May 2025, 10:51 AM IST
Published on: