जोधपुर

Big thet : चार घरों में चोरों का धावा, लाखों का सोना-चांदी चोरी

- चारों मकान में छत पर सोए थे घरवाले, एक मकान की छत से उतरकर चारों मकान में हाथ साफ किए, खेत में मिला लोहे का बक्सा

2 min read
Jul 03, 2024
लूनी कस्बे में चोरी के बाद खेत में मिला बक्सा व बिखरे कपड़े।

जोधपुर/लूनी.

पुलिस कमिश्नरेट के लूनी कस्बे में मंगलवार तड़के साढ़े तीन बजे चोरों ने एक साथ चार मकानों में धावा बोलकर लाखों रुपए का सोना-चांदी व 65 हजार रुपए चुरा लिए। वारदात के दौरान चारों मकान के घरवाले छतों पर सोए हुए थे।

पुलिस के अनुसार लूनी में पटेलों का बास निवासी ओमाराम पुत्र जोधाराम बुग, रामाराम पुत्र भूराराम ओड व सोनाराम पुत्र खीमाराम ओड और मेघवालों का बास निवासी मूलाराम पुत्र अमराराम मेघवाल के मकान में नकबजनी हुई है। चारों घरवाले कूंदे लगाकर छत पर सोए हुए थे। नकबजन तड़के तीन-साढ़े तीन बजे ओमाराम के मकान की छत पर पहुंचे और वहां से नीचे पहुंचे। कमरों के ताले तोड़े और सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। इस मकान से सौ ग्राम सोना, एक अन्य मकान से तीन तोला सोना, तीन किलो चांदी और एक मकान से ढाई किलो चांदी के आभूषण चुरा लिए गए। चोरों ने एक मकान में रखे 65 हजार रुपए भी चुराए।

घरवाले सुबह उठे तो ताले टूटे व सामान बिखरे देख चौंक गए। चोरी का पता लगते ही आस-पास के ग्रामीण एकत्रित हो गए। सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) नरेन्द्रसिंह देवड़ा व थानाधिकारी हुकमसिंह मौके पर पहुंचे और जांच कर चोरों की तलाश शुरू करवाई।

बक्से को खेत में ले जाकर तोड़ा

चोरों ने एक मकान में कमरे से लोहे का बक्सा चुरा लिया। वे उसे पास ही खेत में ले गए, जहां उसका ताला तोड़कर अंदर से जेवर व कीमती सामान चुरा लिया। कपड़े व बक्सा वहीं फेंककर भाग गए। पुलिस ने चारों मकान मालिकों की ओर से संयुक्त एफआइआर दर्ज की है।

तीन मकान सिर्फ कूंदों के भरोसे

पुलिस का कहना है कि चारों मकानों के मुख्य दरवाजों के अंदर से सिर्फ कूंदे ही लगे हुए थे। सिर्फ ओमाराम के मकान में कमरों के ताले लगे हुए थे। अन्य तीनों मकान में कमरों के भी ताले नहीं थे। लोहे का बक्सा उठाकर बाहर ले जाने व ताले तोड़ने के बावजूद घरवालों को आभास तक नहीं हुआ।

गुटखे की पीक थूकने के निशान

वारदात तड़के तीन साढ़े तीन बजे हुई। वारदातस्थल व खेत में बक्सा मिलने तक रास्ते में गुटखा थूकने की पीक नजर आई। इससे अंदेशा है कि चोरी करने वाला एक युवक गुटखा खाने का आदी है। इस तरह की वारदात आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र के अलावा पाली में हो रखी है। गैंग के बाहर से आने की आशंका जताई गई है।

नए कानून के तहत मौका मुआयना

देश में एक जुलाई से भारतीय न्याय संहिता बीएनएस लागू हो गई है। इसके तहत सात साल से अधिक सजा वाले अपराध में एफएसएल को मौके बुलाना अनिवार्य किया गया है। इसी के तहत एफएसएल ने मौका मुआयना किया। वहीं, एमओबी, डॉग स्कवॉयड की भी मदद ली गई है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Published on:
03 Jul 2024 12:32 am
Also Read
View All

अगली खबर