जोधपुर

जोधपुर: मधुमक्खियों के हमले से श्मशान में भगदड़, 50 घायल, PPE किट पहनकर किया दाह संस्कार

बिलाड़ा के निकट झाक गांव में गुरुवार को अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे श्मशान घाट पर अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

2 min read
Mar 05, 2026
Feature image
PPE किट पहनकर किया दाह संस्कार: फोटो पत्रिका

बिलाड़ा (जोधपुर)। बिलाड़ा के निकट झाक गांव में गुरुवार को अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे श्मशान घाट पर अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार झाक गांव में नाथूराम पुत्र शिवराम गुर्जर के निधन के बाद परिजन और ग्रामीण शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए थे। वहां अंतिम संस्कार की तैयारियां चल ही रही थीं कि अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले से वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और शव को वहीं छोड़कर दूर चले गए।

इस घटना में करीब 50 से अधिक लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मार दिए, जिनमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत झाक अस्पताल सहित आसपास के चिकित्सालयों में पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घटना के बाद श्मशान घाट पर काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा और कोई भी व्यक्ति शव के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

तीन घंटे बाद हुआ अंतिम संस्कार

मधुमक्खियों के लगातार मंडराने के कारण श्मशान घाट पर करीब तीन घंटे तक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकी रही। बाद में ग्रामीण बिलाड़ा और झाक अस्पताल से पीपीई किट लेकर आए। परिजनों ने पीपीई किट पहनकर सावधानी के साथ शव का अंतिम संस्कार किया।

चार घंटे तक रहा अफरा-तफरी का माहौल

नाथूराम गुर्जर के निधन पर गुर्जर समाज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण ढाणी में एकत्रित थे। मधुमक्खियों के अचानक हमले से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना के बाद करीब चार घंटे तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।

मेडिकल टीम और पुलिस पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलने पर सीएमएचओ डॉ. धर्मेंद्र सिरवी ने मेडिकल टीम को मौके पर भेजा। टीम ने घायलों के घर-घर जाकर उपचार किया। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।

Published on:
05 Mar 2026 05:12 pm