11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jodhpur Sarpanch Election 2026: जोधपुर के भावी ग्राम पंचायत में 15 नवंबर को सरपंच-पंच का पुनर्मतदान, 16 को उपसरपंच चुनाव

जोधपुर जिले के भावी ग्राम पंचायत में 150 बैलेट पेपर चोरी होने के बाद 15 नवंबर को सरपंच-पंच पदों के लिए पुनर्मतदान होगा। 16 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। 14 नवंबर को मतदान दल रवाना होंगे। गांव में ढोल बजाकर सूचना दी जाएगी।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जोधपुर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 11 Nov 2026, 2:58 PM IST

jodhpur bhavi gram panchayat repoll

जोधपुर के भावी ग्राम पंचायत में 15 नवंबर को सरपंच-पंच का पुनर्मतदान (पत्रिका फाइल फोटो)

Jodhpur Sarpanch Election 2026: जोधपुर जिले की ग्राम पंचायत भावी में सरपंच और पंच पदों के लिए 15 नवंबर को पुनर्मतदान कराया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान को लेकर कार्यक्रम जारी करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। पुनर्मतदान की जानकारी गांव के अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए ढोल बजाकर मुनादी कराई जाएगी। साथ ही सार्वजनिक नोटिस बोर्ड पर भी सूचना चस्पा की जाएगी।

150 बैलेट पेपर चोरी होने के बाद बाधित हुआ था मतदान

भावी ग्राम पंचायत में 30 अक्टूबर को सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान के दौरान विवाद हो गया था। मतदान केंद्र संख्या 12 से 150 मतपत्र गायब होने की घटना सामने आई थी। बाद में इन मतपत्रों को वापस डालने का प्रयास किया गया। इन मतपत्रों पर सोहनी देवी के नाम के आगे मोहर लगी हुई थी। इसके बाद मतदान केंद्र संख्या 9 से 15 तक भीड़ एकत्रित होने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने के कारण मतदान बाधित हो गया था। हालात को देखते हुए मतदान स्थगित करना पड़ा।

जिला निर्वाचन अधिकारी की तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर निर्वाचन आयोग ने भावी ग्राम पंचायत के सभी मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय किया। यानी पुनर्मतदान केवल उस बूथ तक सीमित नहीं रहेगा, जहां से मतपत्र गायब हुए थे, बल्कि पूरी ग्राम पंचायत में सरपंच और पंच पदों के लिए दोबारा वोट डाले जाएंगे।

14 नवंबर को रवाना होंगे मतदान दल

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, 14 नवंबर को मतदान दलों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। पुनर्मतदान में वही मतदाता वोट डाल सकेंगे, जो पहले संबंधित मतदान केंद्रों के लिए अधिकृत थे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मूल मतदान के दौरान लगाई गई अमिट स्याही के निशान को पुनर्मतदान में बाधा नहीं माना जाएगा। इसके लिए मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर नाखून के प्रारंभ से अंगुली के प्रथम भाग तक अमिट स्याही लगाई जाएगी।

ढोल बजाकर गांव में कराई जाएगी मुनादी

पुनर्मतदान को लेकर निर्वाचन आयोग ने स्थानीय प्रशासन को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। इसके तहत गांव में ढोल बजाकर ग्रामीणों को मतदान की तारीख की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा सार्वजनिक नोटिस बोर्ड पर भी पुनर्मतदान की सूचना चस्पा की जाएगी। सभी प्रत्याशियों को भी लिखित में इसकी जानकारी दी जाएगी, ताकि मतदान की तारीख, समय और स्थान को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं रहे। आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी को मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने और चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

विरोध प्रदर्शन और पथराव के बाद स्थगित हुआ था पुनर्मतदान

भावी ग्राम पंचायत में पहले 2 नवंबर को पुनर्मतदान प्रस्तावित किया गया था, लेकिन 31 अक्टूबर की रात विरोध प्रदर्शन के दौरान बिलाड़ा थाने पर पथराव हुआ। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। तनावपूर्ण माहौल और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए 2 नवंबर को प्रस्तावित पुनर्मतदान स्थगित कर दिया गया था।

इस मामले में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील चौधरी सहित अन्य लोगों ने मतदान में गड़बड़ी वाले बूथ पर ही दोबारा मतदान कराने की मांग की थी। साथ ही मतदान होने तक घटना से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की मांग को लेकर थाने का घेराव किया गया था। इस दौरान पथराव भी हुआ। बाद में सुनील चौधरी को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। अब निर्वाचन आयोग ने 15 नवंबर को पूरी भावी ग्राम पंचायत में सरपंच और पंच पदों के लिए पुनर्मतदान कराने का कार्यक्रम तय किया है। इसके अगले दिन 16 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।