
जोधपुर। जयपुर से जोधपुर की ओर जा रही एक ट्रैवल्स बस ने शनिवार तड़के खारिया मीठापुर के निकट रामदेवरा की ओर पैदल जा रहे यात्रियों को कुचल डाला। तीन महिलाओं की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई और एक पुरुष सहित तीन महिलाओं को गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी इस ट्रैवल के पीछे चल रही एक अन्य ट्रेवल्स बस के चालक ने पुलिस को दी। जानकारी होने के साथ थाना प्रभारी घेवरराम गुसाईवाल और पुलिस उप अधीक्षक राजवीर सिंह चंपावत पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को बिलाड़ा के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। गंभीर रूप से चोटिल हुईं 3 महिलाओं को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। वहीं अन्य एक पुरुष सहित तीनों महिलाओं को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कर इलाज शुरू किया। मृतक तीनों महिलाओं के शव रेफरल चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है।
थाना प्रभारी गुसाईवाल के अनुसार आशा धर्मपत्नी भोमाजी माली (40) निवासी खोड़ी थाना नैनवा जिला बूंदी, बादाम पत्नी राजेश माली (35) निवासी नैनवा जिला बूंदी और प्रेम धर्मपत्नी रमेश (50) निवासी राजनगर तहसील देवली जिला टोंक को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। वहीं मनभर पत्नी भीम शंकर माली (30) निवासी चैता थाना हिंडोली जिला बूंदी, हेमाराम माली पुत्र जगदीश (32) निवासी सीतापुरा जिला टोंक, मीना पत्नी धनराज मीणा (30) निवासी नयागांव गोठड़ा जिला टोंक और नेराजी गुर्जर निवासी सुवासरा थाना नैनवा जिला बूंदी का उपचार यहां ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। इस हादसे की जानकारी होने के साथ ही उपखंड अधिकारी हंसमुख कुमार विकास अधिकारी पन्नूसा और शिक्षा विभाग के कानाराम हिमार ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
इससे पहले बनाड़ थानान्तर्गत बनाड़ फांटा से बाइपास पर सोढेर सरहद में शुक्रवार सुबह बजरी से भर कर जा रहे दो डम्पर में से एक डम्पर ने बाइक को चपेट में ले लिया। इससे एक मासूम छात्र गंभीर घायल हो गया। चालक डम्पर को भगा ले गया। जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया। थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह ने बताया कि मूलत: सियारा हाल बनाड़ निवासी विक्रांत (9) पुत्र सोहनलाल प्रजापत सुबह अपने ममेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल से बनाड़ क्षेत्र में निजी स्कूल के लिए रवाना हुआ। बनाड़ फांटा से बाइपास पर सोढेर सरहद में पहुंचे तो बजरी का एक डम्पर बैक ले रहा था। चालक की लापरवाही से डम्पर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे विक्रांत नीचे गिर गया और डम्पर ने उसे कुचल दिया।
वह गंभीर घायल हो गया। आस-पास के लोगों ने परिजन को सूचित कर गंभीर हालत में उसे एम्स में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक डम्पर को भगा ले गया। हादसा होने पर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने एक अन्य डम्पर व चालक को पकड़ लिया। जिसे बाद में पुलिस को सौंपा गया। इस बीच मौके से भागे डम्पर व चालक को बाद में पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों डम्पर जब्त किए गए हैं।