
जोधपुर . जिले के बिलाड़ा में पोलियावास गैस गोदाम के पास शुक्रवार अपराह्न तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। थानाधिकारी गौतम जैन ने बताया कि जोधपुर से जयपुर जा रही निजी स्लीपर बस गैस गोदाम के पास सड़क से उतर कर पलट गई। यात्रियों में हाहाकार मच गया। आसपास के लोगों ने खिड़कियों के कांच फोड़कर सभी को बाहर निकाला। दो दर्जन यात्री चोटिल हुए हैं। चार घायलों को जोधपुर रैफर किया गया है। हताहत होने वाले अधिकांश यात्री निमाज व जैतारण के बताए जाते हैं। हादसे से एक बारगी अफरातफरी मच गई। कोहराम मचने के कारण घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं अस्पताल लाए जाने पर घायलों को देख भी सनसनी फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को घटना स्थल से अस्पताल तक लाने में खासी सहायता की।
एयरपोर्ट पर नो पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान काटे
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने शुक्रवार को एयरपोर्ट पर नो पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान काटे। साथ ही हाथों-हाथ जुर्माना भी लिया। दरअसल पर एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों को छोड़ कर निकलने का समय पांच मिनट निर्धारित है। इससे ज्यादा समय लगने पर वाहनों को पार्र्किंग स्थल पर ले जाने का नियम है। बावजूद इसके गाडि़यां पांच मिनट से भी अधिक परिसर के प्रवेश के बाहर खड़ी रहती हैं। इससे यातायात बाधित होता है। इसी के मद्देनजर एएआई अधिकारियों ने उन वाहनों के चालान काटे, जो पांच मिनट से ज्यादा परिसर में खड़ी थीं।
ना ट्रैफिक पुलिसकर्मी ना जवान
प्रदेश के दूसरे बड़े शहर होने के बावजूद जोधपुर एयरपोर्ट पर ना तो ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात है और ना ही राजस्थान पुलिस का कोई जवान। एयरपोर्ट पर एक सूचना पट्ट भी लगा हुआ है, जिसमें समय व जुर्माना राशि अंकित है, लेकिन कार मालिक इसे नजर अंदाज कर देते हैं। नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी होने से यातायात बाधित हो जाता है और बाहर निकलने वाली गाडिय़ां जाम में फंस जाती हैं।