जोधपुर

लूणी नदी में डूबी गाड़ी, रेलवे के अधिकारी ने छत पर चढ़ बचाई जान

- कार से लूणी नदी पार करते समय हुआ हादसा
2 min read
Car drown in the Luni river, the officer saved himself
लूणी नदी में डूबी गाड़ी, रेलवे के अधिकारी ने छत पर चढ़ बचाई जान

जोधपुर/लूणी. कस्बे में लूणी नदी में आए पानी के तेज बहाव में मंगलवार दोपहर को रेलवे अण्डरब्रिज का निरीक्षण करने जा रहे रेलवे अधिकारी की पिकअप गाड़ी डूब गई। अधिकारी ने गाड़ी की छत पर चढकर अपनी जान बचाई। क्षेत्र में रविवार को हुई तेज बारिश से लूणी कस्बे व आसपास के गांवों मे बने रेलवे के अण्डरब्रिज में पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो जाने पर रेलवे के निर्माण शाखा के रेलपथ निरीक्षक जोधपुर शिवचरण गुप्ता पिकअप में चालक के साथ अण्डरब्रिज संख्या तीन का निरीक्षण करने जा रहे थे। अपराह्न करीब तीन बजे रास्ते में लूणी नदी को पार करते समय पानी के तेज बहाव में गाड़ी डूब गई। वाहन चालक अधिकारी को गाड़ी में ही छोडक़र पानी मे कूदकर बाहर निकल आया, लेकिन अधिकारी शिवचरण गुप्ता गाड़ी में ही फंस गए। गाड़ी को नदी के पानी में डूबता देख वे बड़ी मुश्किल से बाहर निकलकर गाड़ी की छत पर चढ़ गए। उन्होंने मोबाइल से रेलवे के साथियों को सूचना दी, जिस पर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर महेन्द्रसिंह सबरवाल व अभिमन्यु पुरोहित तुंरत मौके पर पहुंचे तथा पानी में फंसे गुप्ता को जेसीबी के बकेट में बैठाकर बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। पानी में डूबी हुई गाड़ी को जेसीबी की सहायता से तारों से बांधकर बाहर निकाला गया।

ग्रामीणों ने अण्डरब्रिज से पानी निकालने का किया विरोध

विष्णुनगर जाने वाले मार्ग पर बने रेलवे के अण्डरब्रिज संख्या 3 में जमा पानी की निकासी के लिए गए रेलवे के कर्मचारियों की ओर से मशीन लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा था। इस दौरान आसपास के खेत मालिकों ने पानी निकालने का विरोध करना शुरू कर दिया व कहा कि पानी खेत में भर जाने से उनको नुकसान होगा व आने जाने का रास्ता भी बाधित हो जाएगा। इस पर रेलवे के उप मुख्य अभियंता निर्माण बलदेवराम मिर्धा मौके पर पहुंचे व लोगों से समझाइश करके पानी को खाली करवाने की कार्यवाई शुरू करवाई।

Published on:
31 Jul 2019 12:50 am