3 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जोधपुर नगर निगम चुनाव : ‘अब मत आना… दरवाजा बंद हो गया’, नाम वापसी में अजब-गजब नजारे

जोधपुर नगर निगम चुनाव में गुरुवार को नाम वापसी का अखिरी दिन था। इस दौरान भाजपा-कांग्रेस के नेता बागियों को पकड़कर लाए और 188 नामांकन वापस कर दिए। अब 100 वार्ड में कुल 385 प्रत्याशी बचे हैं। नामांकन वापस लेने के बाद एक महिला प्रत्याशी के आंसू छलक पड़े, कई को कंधे पर बैठाया और माला पहनाई।
3 min read
Google source verification
Jodhpur Nagar Nigam

Jodhpur: नामांकन वापस लेने के लिए कंधे पर बिठाकर लाते हुए। (फोटो-पत्रिका)

जोधपुर। नगर निगम जोधपुर के 100 वार्डों के लिए होने वाले चुनाव में अब 385 प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन पत्र वापस लेने के अंतिम दिन 147 बागी प्रत्याशियों ने भाजपा व कांग्रेस के समर्थन में नामांकन पत्र वापस लिए। इससे पूर्व बुधवार को 41 बागियों ने नामांकन पत्र वापस लिए थे। इस प्रकार दोनों राजनीतिक दलों ने 188 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वापस दिलवाए। हालांकि अभी भी कुछ वार्डों में बागी प्रत्याशी डटे होने से नेता चिंतित नजर आए।

निगम चुनाव के लिए नामांकन पत्र वापस लेने का गुरुवार को अंतिम दिन था। जिसके लिए दोपहर तीन बजे तक समय तय किया गया था। सुबह दस बजे से भाजपा व कांग्रेस नेता व प्रत्याशी अपने-अपने वार्ड के बागियों को लेकर सहायक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय पहुंचना शुरू हो गए, जहां से रसीद प्राप्त कर सभी अटल सेवा केन्द्र पहुंचे और नामांकन पत्र वापस लिए।

दोपहर तीन बजे 147 बागी व निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र वापस लिए। 41 प्रत्याशियों ने बुधवार को नाम वापस लिए थे। अब 100 वार्ड के लिए 385 प्रत्याशी मैदान में हैं।

नामांकन वापस लेने के लिए कंधों पर बिठाया, माला पहनाईं

गत 31 अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन था। 100 वार्डों में भाजपा व कांग्रेस से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने बागी के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किए थे। दो-तीन दिन समझाइश व मान-मनौव्वल के बाद कई बागी नाम वापस लेने को मान गए। वहीं, कई मोबाइल बंद कर गायब हो गए। सहमत होने वाले बागियों को प्रत्याशी व पार्टी के नेता अपने साथ लेकर एआरओ व अटल सेवा केन्द्र पहुंचे। कई प्रत्याशी ऐसे बागियों को कंधे पर भी बिठाकर लाए। नामांकन पत्र वापस लेने के बाद इनको मालाएं पहनाईं गईं।

महिला प्रत्याशी के आंसू निकले

कांग्रेस से जुड़ी मंजू प्रजापत ने नामांकन पत्र दाखिल किया था, लेकिन पार्टी ने सिंबल नहीं दिया था। प्रत्याशी व क्षेत्रवासी उन्हें साथ लेकर आए और नामांकन पत्र वापस दिलवाया। इस पर मंजू भावुक हो गईं और आंखों से आंसू छलक पड़े।

3 बजते ही दरवाजा बंद किया

नामांकन पत्र वापस लेने के लिए दोपहर 3 बजे तक का समय तय किया गया था। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात था। तीन बजने से कुछ देर पहले पुलिस ने समय सीमा पूरी होने को चेताया था। फिर दोपहर 3 बजते ही पुलिस ने प्रवेश द्वार बंद कर दिया। हालांकि उससे पहले प्रवेश करने वालों के नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की गई।

देरी हुई तो फोन कर कहा अब मत आना

नामांकन पत्र वापस लेने के लिए कांग्रेस और भाजपा नेता सक्रिय नजर आए। वे फोन कर नाम वापसी के लिए प्रत्याशियों को बुला रहे थे। कांग्रेस के समर्थन में एक बागी नामांकन पत्र वापस लेने आने वाला था, लेकिन समय पूरा हो चुका था। ऐसे में कांग्रेस की एक नेता ने कार्यकर्ता को फोन कर कहा कि अब मत आना, समय पूरा व दरवाजा बंद हो गया है।