4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jodhpur: दिव्यांग पिता का इकलौता सहारा था जयंती, चाचा के साथ रामदेवरा जाते समय दोनों की हुई मौत; एक साल पहले ही हुई थी शादी

Jodhpur Road Accident: जोधपुर में NH-125 पर रामदेवरा जा रहे बाइक सवार तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल है। मृतक जयंती अपने दिव्यांग पिता का इकलौता सहारा था।
2 min read
Google source verification
Chacha Bhatija Death

मृतक चाचा-भतीजा (Photo-Patrika)

सेतरावा. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 125 (जोधपुर-पोकरण) पर खनौड़ी तिराहे के पास बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामदेवरा जा रहे बाइक सवार तीन लोगों को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे तीनों

पुलिस के अनुसार सिरोही जिले के गरड (पिंडवाड़ा) निवासी तीन लोग एक ही बाइक पर सवार होकर रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे। खनौड़ी तिराहे के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कानाराम (35) पुत्र सोमाराम और उनके भतीजे जयंती (20) पुत्र प्रभुलाल की मौके पर ही मौत हो गई। चेताराम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सेतरावा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर सेतरावा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। थानाधिकारी विक्रमसिंह सांदु ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

दिव्यांग पिता का इकलौता सहारा था जयंती

मृतक जयंती के पिता प्रभुलाल पैर से दिव्यांग हैं। 6 भाई-बहनों में सबसे बड़ा जयंती ही पूरे परिवार में कमाने वाला इकलौता चिराग था। महज एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत की खबर से गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सड़क हादसे में रामदेवरा जातरू की मौत

इसके अलावा बालेसर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 125 हाईवे पर आगोलाई के पास एक महिला को बचाने के चक्कर में बाइक फिसलने से रामदेवरा यात्री की मृत्यु हो गई है। हेड कांस्टेबल चंपाराम ने बताया कि बीती रात्रि को जोधपुर से पोकरण राष्ट्रीय राजमार्ग 125 पर मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी राजेंद्र पटेल पुत्र कैलाश पटेल एवं मुकेश दोनों मोटरसाइकिल पर रामदेवरा जा रहे थे। आगोलाई के पास पशु मेला क्षेत्र एवं होटल के आगे लोगों की भीड़ होने एवं एक महिला अचानक दौड़कर सड़क पार कर रही थी। महिला को बचाने के चक्कर में मोटरसाइकिल फिसल गई। चालक राजेंद्र पटेल के नीचे गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। तथा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तुरंत बालेसर अस्पताल पहुंचा लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उनकी मृत्यु हो गई। रात्रि को मृतक का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया। तथा उनके अन्य परिजनो को सूचना दी। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सुपुर्द किया तथा मामला दर्ज कर शुरू की है।