जोधपुर

Chaturmas : संतों के चातुर्मास हुए शुरु, निखरेंगे अध्यात्म के रंग

शिवनाथ धूणे पर शोभायात्रा के साथ हुआ चातुर्मास का शुभारंभ  
2 min read
• •
Updated: 1 Jul 2023, 1:27 PM IST
Chaturmas : संतों के चातुर्मास हुए शुरु,  निखरेंगे अध्यात्म के रंग
Chaturmas : संतों के चातुर्मास हुए शुरु, निखरेंगे अध्यात्म के रंग

जोधपुर/ भोपालगढ़ . तप, जप, ज्ञान, ध्यान, आराधना व साधना का पावन पर्व चातुर्मास गुरुवार को देवशयनी एकादशी के साथ शुरू हो गया। जिसके तहत भोपालगढ़ क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर गाजे-बाजे एवं शोभायात्रा के साथ चातुर्मास कार्यक्रम शुरू हुए और कई स्थानों पर पहले ही दिन संतों के चातुर्मासिक प्रवचन भी शुरू हो गए। कुछ स्थानों पर शुक्रवार से प्रवचन शुरू हुए। चातुर्मास कार्यक्रम के तहत भोपालगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के रजलानी गांव स्थित सिद्धबाबा शिवनाथ महाराज के धूणे पर गुरुवार को विशाल शोभायात्रा के साथ चातुर्मास सत्संग समारोह का शुभारंभ हुआ। युवा कार्यकर्ता सुनील पाड़ीवाल ने बताया कि क्षेत्र के ठाकुरजी के मंदिर से शिवनाथ धूणे तक कथापोथी व कथाव्यास संतों की शोभायात्रा एवं जुलूस निकाला गया। साथ ही शिवनाथ धूणे पर पहुंचने के बाद धूणे की साध्वी सुखियाबाई व सरपंच पारस गुर्जर की मौजूदगी में कथाव्यास संत श्रवणराम महाराज को व्यासपीठ पर विराजित किया गया।

खेड़ापा आचार्य का चातुर्मास जालोर में

दूसरी ओर क्षेत्र के रामस्नेही रामधाम खेड़ापा के पीठाधीश्वर महंत आचार्य पुरुषोत्तमदास महाराज एवं उनके उत्तराधिकारी संत गोविंदराम शास्त्री का चातुर्मास जालोर जिले के डाबली (रंगाला) गांव में रखा गया है। जिसके लिए गुरुवार सुबह खेड़ापा आचार्यश्री ने अपनी संतमंडली सहित रामधाम खेड़ापा से प्रस्थान किया और डाबली रंगाला पहुंचकर चातुर्मास कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

जैन संत का चातुर्मास प्रवेश आज


जोधपुर. जैन संत गुरुदेव धर्मचंद्र विजय का चातुर्मास मंगल प्रवेश 1 जुलाई शनिवार को गुरों का तालाब क्षेत्र के चिंतामणि पार्श्वनाथ जैन मंदिर में होगा। चातुर्मास समिति के सह सचिव ओमप्रकाश चोपड़ा ने बताया कि गुरुदेव धर्मचंद्र विजय 1 जुलाई को सुबह 9 बजे पार्श्वनाथ कल्याण केंद्र से गाजे बाजों के साथ पहुंचने पर महिला मंडल की ओर से बधावणा किया जाएगा। चिंतामणि पार्श्वनाथ जैन मंदिर में चातुर्मास मंगल प्रवेश के बाद गुरुदेव का प्रवचन होगा।

गांधी मैदान में 4 जुलाई से चातुर्मास महोत्सव, धर्म के रंग से सरोबार होगी सूर्यनगरी

जोधपुर. सनातन धर्म चातुर्मास सेवा समिति जोधपुर के तत्वावधान में 4 जुलाई से 2 अगस्त तक श्रावणमासीय कथा व चातुर्मास महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक मनोहर पुंगलिया ने बताया कि कथावाचक युवाचार्य स्वामी अभयदास महाराज के सानिध्य में 4 जुलाई से 2 अगस्त तक श्रावणमासीय कथा व चातुर्मास महोत्सव आयोजित किया जाएगा। गांधी मैदान में प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। स्वामी अभयदास महाराज का 4 जुलाई को शाम 5 बजे जबरेश्वर महादेव मंदिर गोल बिल्डिंग से मंगल प्रवेश होगा।

विभिन्न कथाओं का होगा आयोजन

- 5 से 11 जुलाई तक श्रीमद् भागवत कथा

- 12 से 18 जुलाई तक नानी बाई का मायरा कथा

- 19 से 25 जुलाई तक मीरा चरित्र कथा

- 26 जुलाई से 1 अगस्त तक बाबा रामदेव लीलामृत कथा

- 2 अगस्त को आशीर्वाद एवं समापन समारोह

रविवार को बच्चों के लिए होगा संस्कार शिविर

देश की नई पीढ़ी को संस्कारों व भारतीय सभ्यता-संस्कृति से रू-ब-रू कराने के लिए प्रत्येक रविवार को संस्कार शिविर का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे बच्चों को गीता के श्लोक का उच्चारण करवाया जाएगा । मानसून सीजन को देखते हुए पूरे पांडाल को वाटरप्रूफ बनाया जाएगा, साथ ही महिलाएं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था रखी गई है।

Published on: