
जोधपुर . नगर निगम ने शहर के प्रमुख बरसाती नालों की सफाई का कार्य शुरू किया। वार्ड 4 स्थित भैरव नाले के दोनों ओर अतिक्रमण होने के कारण पिछले 12 वर्ष से सफाई के अभाव में समस्या बने इस नाले में मंगलवार को सफाई कार्य शुरू की। निगम की टीम इस नाले पर अतिक्रमण कर बनाई फैक्ट्री की दीवार को तोड़ कर पोकलेन गाड़ी नाले में उतारी और सफाई कार्य शुरू किया। गौरतलब है कि शहर में ड्रेनेज व नालों की समस्या का मुद्दा राजस्थान पत्रिका 'पानी मांगे रास्ता' अभियान से उठा रही है। इसी क्रम में पत्रिका ने मंगलवार को भैरव नाले की समस्या को पेज नम्बर चार पर 'शहर का सबसे लंबा भैरव नाला' शीर्षक से प्रकाशित की। साथ ही सोमवार को 'एक नाले के भरोसे है पूरे शहर का ड्रेनेजÓ शीर्षक से प्रकाशित खबर में नालों की जानकारी के साथ समस्या व वर्तमान स्थिति को प्रकाशित किया। इस पर नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश कसेरा ने आदेश दे कर नालों की सफाई शुरू करवाई। उन्होंने बताया कि मुख्य सफाई निरीक्षकों को अपने क्षेत्र के नालों को साफ करने के लिए अतिरिक्त साधन उपलब्ध करवाए हैं। सफाई की मॉनिटरिंग के लिए एक्सइएन सुधीर माथुर को निर्देश दिए हैं।
18 किलोमीटर लम्बा नाला भैरव नाला
10 किलोमीटर लम्बा है और 8 किलोमीटर का निर्माण शेष है। सरदारपुरा, पाल रोड, प्रतापनगर, बॉम्बे मोटर, कबीरनगर और सूरसागर आदि क्षेत्र का बरसाती पानी इस नाले में उप नालों के माध्यम से मिलता है। इनके अलावा उम्मेद सागर की नहर प्रतापनगर दाऊ की ढाणी से चांदणा भाखर तक और दूसरी नकटी पुलिया से गौरव पथ पाल रोड होते हुए खेमे के कुंए पर आकर मिलती है। इन नालों से आखलिया चौराहे से कबीरनगर, संजय कॉलोनी व हुडको कॉलोनी के नाले भी मिलते हैं। मसूरिया और आधे सरदारपुरा का पानी भी इन नाले में मिलता है।
बहाव क्षेत्र
यह नाला भैरव भाखर कबीरनगर से शुरूहोकर गुरों के तालाब, कमला नेहरुनगर, लाल पुलिया व खेमे का कुंआ से शोभावतों की ढाणी तक शहर का बरसाती पानी पहुंचाता है। यह डर्बी टेक्सटाइल के आगे डर्बी मजदूर कॉलोनी पर आकर रुकता है। इससे आगे इस नाले का निर्माण करवाना बाकी है।