
जोधपुर। नगर निगम चुनाव 2026 में मतदान से पहले कांग्रेस ने पार्टी अनुशासन को लेकर बड़ा कदम उठाया है। जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वाले 25 कार्यकर्ताओं को छह साल के लिए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद संबंधित कार्यकर्ताओं के पार्टी में सभी पद और दायित्व भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए गए हैं।
जोधपुर शहर कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव कुश गहलोत की ओर से जारी निष्कासन आदेश में कहा गया है कि इन कार्यकर्ताओं ने नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने अथवा पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहकर काम किया। इसे कांग्रेस के संविधान, नीतियों और अनुशासन के विपरीत माना गया है।
कांग्रेस की इस कार्रवाई को चुनाव से पहले पार्टी संगठन में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ना या पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होना गंभीर अनुशासनहीनता है। निष्कासन आदेश की प्रतिलिपि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष को भी सूचनार्थ भेजी गई है।