
जोधपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 6 से 8 नवंबर तक जोधपुर में रहने के बाद दिल्ली पहुंचते ही टिकट चाहने वाले कांग्रेस के कई नेता भी गहलोत के पीछे दिल्ली पहुंच गए हैं। ब्राह्मण, वैश्य व ओबीसी वर्ग के इन नेताओं ने इन दिनों दिल्ली में डेरा जमा रखा है। टिकट चाहने वाले कई स्थानीय नेताओं ने गहलोत के जाते ही दिल्ली जाकर टिकट मांगने का मानस बना लिया था। जानकारी अनुसार दिल्ली पहुंचने वालों में ओबीसी वर्ग की एक महिला व पांच-छह नेता, दो-तीन जैन समुदाय और ब्राह्मण समाज के दो नेता भी शामिल हैं।
कुछ दिन पहले शहर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की ओर से ब्राह्मण समाज का प्रत्याशी उतारे जाने की संभावना सामने आई थी। अब ओबीसी प्रत्याशी की बातें चल रही हैं। इस हवा के चलते कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में भी कई तरह की चर्चाएं हैं। जबकि सभी वरिष्ठ नेता स्पष्ट बोलने से हिचकिचा रहे हैं। कांग्रेस के ज्यादातर ब्राह्मण नेता सूरसागर और कुछेक शहर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मांग रहे हैं। ये नेता गहलोत के समक्ष दावा कर चुके हैं कि टिकट मिला तो वे शहर व सूरसागर विस क्षेत्र की सीट निकाल लेंगे। अब शहर विस क्षेत्र से ओबीसी वर्ग के दावेदारों ने भी ताल ठोक दी है।
दिल्ली कूच करने वाले कई नेता गत गुरुवार को एयरपोर्ट पर भी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बातचीत करते नजर आए थे। कई नेताओं ने गहलोत के समक्ष अपना मजबूत पक्ष रखा, जिसको लेकर गहलोत भी गंभीर नजर आए। गहलोत संभवत: रविवार को दिल्ली में टिकटार्थियों से मिल सकते हैं। कुछेक नेताओं का कहना है कि वे शनिवार सुबह गहलोत से मिल चुके हैं।