जोधपुर

जोधपुर की सड़कों पर यूं बहा हजारों लीटर डीजल, लूटने की मची होड़

नागौर रोड स्थित आईआईटी कैम्पस के सामने मंगलवार अल-सुबह बीस हजार लीटर डीजल से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन चारों कम्पार्टमेंट से सैंकड़ों लीटर डीजल बह गया।
1 minute read
• •
Updated: 13 Jun 2017, 3:38 PM IST
diesel tanker overturned in jodhpur
diesel tanker overturned in jodhpur

नागौर रोड स्थित आईआईटी कैम्पस के सामने मंगलवार अल-सुबह बीस हजार लीटर डीजल से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन चारों कम्पार्टमेंट से सैंकड़ों लीटर डीजल बह गया। जिसे बटोरने में ग्रामीणों में होड़ मच गई। करवड़ थाना पुलिस ने चार क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा करवाया।

थानाधिकारी लीलाराम के अनुसार बीस हजार लीटर डीजल से भरा एक टैंकर सिरोही से बीकानेर जिले में नोखा जा रहा था। आईआईटी कैम्पस के सामने पहुंचने पर टैंकर अनियंत्रित हो गया और सड़क से उतरकर किनारे पर बने नाले में जाकर पलट गया। उसमें तिरछा होने से चारों कम्पार्टमेंट के ढक्कन से डीजल बहने लगा। यह देख आस-पास के ग्रामीण आ गए और डिब्बों में डीजल भरकर ले गए।

कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को खदेड़ा। एेहतियात के तौर पर तेल कम्पनी को भी सूचित किया गया। बाद में पुलिस ने तीन-चार क्रेन मंगवाई और डीजल से भरे टैंकर को सीधा करवाया। टैंकर को सड़क किनारे खड़ा करवाया गया है। हादसे में चालक व खलासी के कोई चोट नहीं आई है।


नींद की झपकी या टायर फटने से हादसा

पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है, लेकिन प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने से टैंकर अनियंत्रित होने की आशंका है। टैंकर के आगे वाले टायर फटे हुए हैं। एेसे में टायर के फटने से भी हादसा होने की आशंका है। इस संबंध में फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।

Published on:
Also Read
View All