तहसील कार्यालय गेट से कोर्ट परिसर में प्रवेश करेंगे अधिवक्त
जोधपुर . कांकाणी हरिण शिकार प्रकरण में फिल्म अभिनेता सलमान खान की कोर्ट में होने वाली पेशी पर पंजाब के कुख्यात बदमाश लॉरेंस विश्नोई की धमकी का डर नजर आ रहा है। धमकी से चौकस पुलिस ने न सिर्फ कोर्ट परिसर बल्कि होटल व हवाई अड्डे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस के साथ ईआरटी के कमाण्डो तैनात किए जाएंगे। पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर पुलिस की नजर रहेगी। पहचान पत्र दिखाने के बाद ही कोर्ट में प्रवेश दिया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) डॉ. अमनदीपसिंह कपूर ने बताया कि सलमान की पेशी को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजार रहेंगे। मिर्धा सर्किल के पास वाला कोर्ट परिसर का गेट बंद रहेगा। जिला न्यायालय से मुख्य गेट तक वाला हिस्सा पुलिस के अधिकार क्षेत्र में रहेगा। इस दौरान यहां पुलिस के साथ ही ईआरटी कमांडो तैनात किए जाएंगे। कोर्ट में बगैर जांच व पहचान पत्र देखे प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हाईकोर्ट आने वाले मुख्य गेट से आ सकेंगे।
पुलिस ने राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बातचीत की। अधिवक्ता तहसील कार्यालय वाले गेट से कोर्ट परिसर में आ सकेंगे। वाहन भी उस तरफ पार्क होंगे। कवरेज के लिए मीडियाकर्मियों को मिर्धा सर्किल गेट से पहचान पत्र दिखाने पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा सलमान खान की होटल, हवाई अड्डे व होटल से कोर्ट आने जाने के मार्ग में सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे।
भरतपुर जेल में लॉरेंस, गुर्गे हैं जोधपुर में
मोबाइल व्यवसायी वासुदेव ईसरानी की हत्या के आरोप में सरदारपुरा थाना पुलिस ने गत जनवरी में पंजाब के गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई को गिरफ्तार किया था। उसे ७ जनवरी को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां उसने मीडिया से बातचीत में धमकी दी थी कि पुलिस उसे बिना वजह मामलों में फंसा रही है। अब वो सलमान खान को जोधपुर में जान से मारकर दिखाएगा। लॉरेंस फिलहाल भरतपुर जेल में बंद है, जबकि उसके गुर्गे जोधपुर जेल में हैं।