लखनऊ

जिस्मफरोशी के लिए सीमा पार से होती है लड़कियों की तस्करी, महज 15 सौ में होता है बॉर्डर क्रॉस

अपहरण व खरीद-फरोख्त की आरोपी बांग्लादेशी महिला ने लगाया आरोप, देह व्यापार के लिए सीमा पार से होती है लड़कियों की तस्करी, अब तक चार लड़कियों को जोधपुर लाना कबूला
2 min read
• •
Updated: 12 Sep 2016, 11:26 AM IST
Human trafficking
Human trafficking

बांग्लादेश से भारतीय सीमा में आना काफी आसान है। सीमा पर सुरक्षाकर्मियों को सिर्फ 15 सौ रुपए देकर बांग्लादेशी धड़ल्ले से भारत आ रहे हैं। यह आरोप लगाया है बासनी के सरस्वती नगर से गत चार सितम्बर को तीन वर्षीय मासूम का अपहरण करने की आरोपी बांग्लादेशी महिला ने। पुलिस के अधिकारी भी दबी जुबान में स्वीकार तो कर रहे हैं, लेकिन अधिकृत रूप से कहने से कतरा रहे हैं। बासनी थाना पुलिस ने अपहरण के मामले में गत चार सितम्बर को बांग्लादेश में जोसोर जिले के चौगासा थानान्तर्गत बड़ो खानपुर निवासी सुखजंत उर्फ टुम्पा (30) पुत्री अब्दुल करीम तथा सांगरिया निवासी जगदीश सोनी व उसके पुत्र सोनू को गिरफ्तार किया था।

महिला ने पहले अपना परिचय पश्चिम बंगाल के चौबीस परगना जिले में बागदा थानान्तर्गत गायरा निवासी नंदिनी पत्नी सुजाएं बताया था, लेकिन जांच में यह नाम व पता फर्जी निकला। दस साल पहले वह अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत आई थी। सुखजंत का आरोप है कि भारत आने के लिए उसने सीमा पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को पन्द्रह सौ रुपए दिए थे। इसके बाद से वह लगातार सीमा पार करती रही है।मुम्बई, अहमदाबाद, राजकोट, जयपुर के बाद सात साल पहले जोधपुर में आकर देह व्यापार करने वाली सुखजंत का सोनू से सम्पर्क हुआ था।

फिर सोनू भी देह व्यापार शामिल हो गया। गत मई-जून में सुखजंत के साथ सोनू भी सीमा पार करके बांग्लादेश गया था। पन्द्रह दिन तक बांग्लादेश में रहने के बाद वह दोनों दो लड़कियां (एक बालिग व दूसरी नाबालिग) लेकर जोधपुर आए थे। इनसे भी देह व्यापार करवाने लगे, लेकिन गत सोमवार मध्यरात्रि उदयमंदिर थाना पुलिस ने दोनों लड़कियों को बंद कमरे से मुक्त कराया था।

अब तक चार लड़कियों को लाना स्वीकारा

अपहरण की आरोपी सुखजंत ने पुलिस पूछताछ में चार लड़कियों को देह व्यापार के लिए बांग्लादेश से जोधपुर लाना स्वीकार किया है। उदयमंदिर थाना पुलिस ने जिन दो लड़कियों को बंद कमरे से मुक्त कराया था उन्हें बांग्लादेश से सीमा पार करवाकर जोधपुर लाने में सोनू भी साथ था। दो लड़कियों को महिला खुद बांग्लादेश छोड़कर आई थी।

Published on: