
जोधपुर . युवतियों की कमी की वजह से रुपए देकर पश्चिम बंगाल की जिस युवती से हैण्डीक्राफ्ट श्रमिक ने आठ साल पहले शादी की थी, उसी के चरित्र पर संदेह के चलते न सिर्फ मारपीट की, बल्कि गला घोंटकर जान भी ले ली। आरोपी पति ने हत्या से बचने के लिए लोहे के दरवाजे से सिर में चोट के कारण पत्नी की मृत्यु होने की कहानी बनाई, लेकिन एम्स में हुए पोस्टमार्टम में वारदात की पोल खुल गई। पूछताछ में आरोप स्वीकार करने पर बासनी थाना पुलिस ने बुधवार को आरोपी पति को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी राजेश यादव ने बताया कि मूलत: झुंझुनूं में गुड़ा गौडज़ी थानान्तर्गत धमौरा हाल बासनी गांव निवासी राजेश (३८) पुत्र कानाराम जाखड़ को पत्नी दीपिका की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी राजेश व पत्नी दीपिका में गत २५ जनवरी को झगड़ा हुआ था। दोनों ने एक-दूसरे से हाथा-पाई की थी। कद-काठी में मजबूत होने के कारण पत्नी ने जमकर प्रतिरोध भी किया, लेकिन आखिरकार राजेश जाखड़ हावी हो गया था और उसने पत्नी दीपिका का गला घोंट दिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी। मृत हालत में ही आरोपी अपनी पत्नी को मेडिपल्स अस्पताल ले गया था, जहां से पुलिस को पता लगा। पुलिस अस्पताल और फिर मौके पर पहुंची थी। एम्स के चिकित्सकों ने भी मौका मुआयना किया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि
मामला संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने एम्स की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाया। जिसकी रिपोर्ट में यह साफ हो गया था कि दीपिका की मौत गला घोंटने से हुई थी। जबकि राजेश ने पुलिस को बताया था कि देर रात पत्नी लघुशंका के लिए उठी थी। इस दौरान कमरे में लौटते समय लोहे के दरवाजे से चोट के कारण उसकी मृत्यु हो गई थी।
पत्नी घर नहीं मिली तो हुआ था संदेह
पुलिस का कहना है कि आरोपी राजेश पन्द्रह साल से जोधपुर में ही हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्रियों में मजदूरी कर रहा है। पंद्रह दिन पहले ही उसने बासनी गांव में ओमप्रकाश प्रजापत का मकान किराए पर लिया था। उसके एक पुत्री मनीषा (५) व पुत्र आदित्य (३) है, जो अब गांव में है। गांव में पुरुषों की तुलना में लड़कियां बहुत कम है। एेसे में आठ साल पहले उसने रुपए देकर पश्चिम बंगाल में कूच बिहार जिले में तूफानगंज थानान्तर्गत झाबकुटी निवासी दीपिका से शादी की थी। कुछ समय पहले वह घर लौटा था पत्नी को गायब पाया था। उसका फोन भी लगातार व्यस्त था। इसके बाद से दोनों में झगड़े हो रहे थे।