जोधपुर

साक्षात्कार जानिए…आपके सरपंच के वादे और इरादे

साक्षात्कार: जानिए.आपके सरपंच के वादे और इरादे, पार्वती / अरविंद राम भील, ग्रा.पं. - आऊ, उम्र - 41, शिक्षा - 8वीं
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 5:11 PM IST
साक्षात्कार जानिए...आपके सरपंच के वादे और इरादे

Q. गांव के विकास के लिए सबसे पहले किन कार्यों को प्राथमिकता देंगे?

उत्तर- आऊ शहर है, लेकिन एक साल से सरपंच का पद खाली रहने के कारण गांव के कई कामकाज अटके हुए हैं। सबसे पहले उन अटके हुए कामों को पूरा करवाऊंगी। गांव की टूटी सड़कों, गलियों और नालियों को ठीक करवाना, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना और हर वार्ड में लाइट की व्यवस्था करवाना मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी। पंचायत के हर काम में पारदर्शिता रखूंगी।

Q. गांव को नशामुक्त बनाने के लिए क्या पहल करेंगे?

उत्तर- नशा आज युवाओं को सबसे ज्यादा बर्बाद कर रहा है। गांव में महिलाओं, बुजुर्गों के साथ मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाऊंगी। युवाओं को खेल और रोजगार से जोड़ूंगी। खेल मैदान को फिर से सक्रिय करूंगी, टूर्नामेंट करवाऊंगी। युवा जब खेल और काम में लगेगा तो नशे से अपने आप दूर रहेगा।

Q. गांव की सबसे बड़ी समस्याएं क्या हैं और बुनियादी सुविधाओं के लिए क्या कदम उठाएंगे?

उत्तर- गांव की सबसे बड़ी समस्या पानी और सफाई की है। एक साल से काम अटके होने से कई मोहल्लों में पानी की पाइपलाइन, टंकी और सड़कें अधूरी पड़ी हैं। मेरा प्रयास रहेगा कि अधूरे कामों को पूरा करवाकर हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचे। उप स्वास्थ्य केंद्र को नियमित करवाऊंगी और अस्पताल में डॉक्टर व जांच की सुविधा के लिए प्रयास करूंगी।

Q. युवाओं और महिलाओं के उत्थान के लिए क्या योजनाएं रहेंगी?

उत्तर- महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्व-सहायता समूह से जोड़ूंगी और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाऊंगी। युवाओं को स्थानीय रोजगार से जोड़ने के लिए प्रयास करूंगी, ताकि उन्हें बाहर पलायन न करना पड़े। बेटियों की पढ़ाई के लिए स्कूल में सुविधाएं बढ़ाऊंगी, ताकि कोई भी बेटी पढ़ाई से वंचित न रहे।

Q. पांच साल बाद आप अपने गांव को किस रूप में देखना चाहती हैं?

उत्तर- पांच साल बाद आऊ को एक ऐसा स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर कस्बा देखना चाहती हूं, जहां हर घर में पानी हो, पक्की सड़कें हों, हर युवा के पास काम हो, हर बेटी स्कूल जाए और हर गरीब को योजना का लाभ मिले। गांव का हर व्यक्ति गर्व से कहे कि हमारा आऊ बदल गया है।

Updated on:
28 Nov 2026, 5:11 PM IST
Published on: