
जोधपुर. मारवाड़ के कई हिस्सों में सोमवार मेघ मल्हार रहा। बारिश की राह तक रहे जोधपुर में दिनभर मानसूनी मौसम रहा और शाम होते होते 30.3 मिलीमीटर पानी बरस गया। बाड़मेर में 47.4 मिमी बारिश मापी गई। पाली, जालोर, सिरोही के कई हिस्सों में झमाझम बरसात हुई। जैसलमेर में बादलों ने निराश किया। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र कायम होने से प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी हिस्से में बादलों का भारी जमावड़ा हो गया जिसके कारण मेघ बरसे। जोधपुर सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में अगले तीन चार दिनों तक बरसात का मौसम रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।
जोधपुर में दिनभर बरसाती मौसम
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही बादलों की घनी आवाजाही और उमस के कारण बारिश की संभावना नजर आने लगी। उमस से परेशान शहरवासियों की उम्मीदों को सुबह 11.15 बजे पंख लगे, जब बूंदाबांदी से शुरू हुई बरसात का सिलसिला तेज बौछारें में बदलता नजर आया। रुक-रुक कर कभी तेज कभी धीमी रफ्तार से अपराह्न 4.30 बजे तक बारिश होती रही। शाम 5.30 बजे तक मौसम विभाग में 30.3 मिमी बरसात रिकॉर्ड की।
अधिकतम तापमान 31 डिग्री से ऊपर नहीं जा सका। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बादल-बरखा का दौर रहा।