
चौपासनी (जोधपुर)
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के वार्ड नंबर 8 में टूटी सड़क, खुले ट्रांसफॉर्मर के तार, सड़कों पर व्यर्थ बहते पानी, सीवरेज एवं अतिक्रमण से यहां के निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन सब मुश्किलों के बावजूद यहां के जिम्मेदार चेन की नींद सो रहे हैं।
कई वर्षों से उधड़ी है यहां की सड़कें
तीसरे पुलिए की मुख्य सड़क कई वर्षों से उधड़ी हुई है। इस क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग से रोजाना सुबह निकलने वाली बाल वाहिनियों में बच्चों सहित वाहन चालकों एवं वरिष्ठ नागरिकों को परेशान होना पड़ रहा है। इस सड़क को डामरीकरण करवाए वर्षों बीत गए हंै। यहां सुबह से लेकर शाम तक हजारों लोगों का आवागमन होता है लेकिन लोगों की परेशानी सुनने वाला कोई नहीं है। सड़क के गड्ढो के कारण हर दम हादसा होने की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग इस सड़क की मरम्मत करवाने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
खुले पड़े हैं ट्रांसफॉर्मर के तार
तीसरे पुलिए की मुख्य सड़क पर दो ट्रांसफॉर्मर लगे हैं। इनके तार खुले हुए होने से हरदम हादसे होने की आशंका रहती है। इन ट्रांसफॉर्मर की ऊंचाई कम होने के कारण यहां से निकलने वाले लोगों सहित स्कूली बच्चों को करंट लगने की आशंका बनी रहती है। बारिश के दौरान यहां पानी के कारण जमीन पर करंट फैलने का खतरा बना रहता है। कई बार ट्रांसफॉर्मर ट्रीप होने पर चिंगारियां सड़क तक आ जाती है। इन सबके बावजूद विद्युत विभाग की ओर से कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई है।
व्यर्थ बहता है पानी
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में वैसे तो जलापूर्ति की एकांतरे व्यवस्था है लेकिन जिस दिन पानी आता है ,उस दिन यहां की सड़कों पर भी पानी बहता नजर आता है। जलदाय विभाग की ओर से सड़कों पर व्यर्थ बहते इस पानी को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
जगह जगह अतिक्रमण
तीसरे पुलिए की सड़क सीमा में कई स्थानों पर लोगों ने लोहे की जाली लगाकर अतिक्रमण कर रखे हैं। शाम के समय बाजार में बेतरतीबी से खड़े सब्जी के ठेलों के कारण आवागमन बाधित होता है। सड़क पर आवारा पशुओं का भी जमावड़ा रहने से कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। तीसरे पुलिए की इसी सड़क पर कुछ पुराने नाकारा वाहन भी पड़े हैं। इन सबसे यह सड़क मार्ग संकरा हो गया है। रोजाना इस मार्ग से कई सरकारी अधिकारी भी निकलते है लेकिन सड़क किनारे हो रखे इन अतिक्रमणों का हटाने की जहमत कोई नहीं उठा रहा है।
सीवरेज अव्यवस्था
सड़क, पानी के अलावा वार्ड संख्या आठ में सीवरेज की समस्या से भी स्थानीय लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है। वार्ड में झूलेलाल मंदिर के बाहर पिछले कई दिनों से सीवरेज का पानी बह रहा है। सड़क पर इस बदबूदार पानी से न केवल गंदगी पसर रही है, वरन इससे बीमारियां फैलने की भी आशंका रहती है। इस पानी के कारण स्थानीय लोगों के साथ ही यहां से पैदल निकलने वाले राहगीरों को भी पानी से नाक ढक कर निकलना पड़ रहा है।
- पायल जानयानी, पार्षद, वार्ड संख्या आठ।
Read More :