
सोशल मीडिया पर अपनी पारंपरिक राजस्थानी रील्स और देसी अंदाज के लिए चर्चित जोधपुर के कंटेंट क्रिएटर 'जोधपुरी परफेक्ट पेयर' का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती के दर्शन और वहां की 'प्रोटोकॉल' व्यवस्था को लेकर नाराज़गी ज़ाहिर की है। इस जोड़ी के अभय सिंह चौहान और उनकी पत्नी भूमि चौहान ने दर्शन में आई परेशानी और प्रोटोकॉल की मांग से आहत होकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का नाम लेते हुए व्यवस्थाओं पर तीखे सवाल खड़े किए हैं।
उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर से से जारी किए गए वीडियो में अभय सिंह चौहान भस्म आरती की बुकिंग और प्रोटोकॉल सिस्टम पर खासे नाराज दिखे। उन्होंने कहा, "हमारी इज्जत खराब होती है। जिंदगी में किसी से कुछ नहीं मांगा, किसी के सामने हाथ नहीं फैलाए। प्रोटोकॉल लिखवाने के लिए हाथ जोड़ने पड़े किसी को- तो शर्म आती है मेरे को खुद पर।''
आगे कहा, ''ऑनलाइन तुम्हारे स्लॉट काम करते नहीं हैं, हमेशा फुल बताते हैं। ऑफलाइन तुम देते नहीं हो। किसी ने मुझे वहां बोला कि सीएम हाउस से लिखा के ले आओ। अरे यार, भजनलाल मेरा काका है क्या? क्यों लिख के देगा भजनलाल एक आम आदमी को प्रोटोकॉल? एमएलए-एमपी के चक्कर में मत पड़ो, तुम अपना टाइम खराब कर रहे हो। महाकाल की इच्छा होगी तो दर्शन करवा देगा। महाकाल तो सबको राजा बनाता है, तुम भिखारी बनाते हो।"
राजस्थान के जोधपुर शहर से ताल्लुक रखने वाले अभय सिंह चौहान और उनकी पत्नी भूमि चौहान सोशल मीडिया पर एक चर्चित डिजिटल क्रिएटर जोड़ी हैं। यह जोड़ी अपने पारंपरिक राजस्थानी पहनावे, राजस्थानी लोकगीतों पर डांस रील्स और पति-पत्नी की नोकझोंक वाले पारिवारिक कॉमेडी वीडियोज के लिए जानी जाती है।
इंस्टाग्राम पर उनके 1.2 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं, जबकि फेसबुक पर 9.37 लाख से ज्यादा लोग उन्हें फॉलो करते हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स भूमि चौहान द्वारा मैनेज किए जाते हैं।
उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग की विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती प्रतिदिन तड़के सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच होती है। इस आरती में शामिल होने के लिए मंदिर प्रशासन ने अब व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और डिजिटल कर दिया है।
मंदिर समिति द्वारा ऑफलाइन काउंटर से मिलने वाले पास बंद कर दिए गए हैं। अब भस्म आरती में शामिल होने के दो मुख्य ऑनलाइन तरीके हैं:
ऑनलाइन एडवांस बुकिंग : आप अपनी यात्रा की तारीख से एक महीने पहले मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति पर जाकर सीट बुक कर सकते हैं। प्रति व्यक्ति शुल्क ₹200 है।
ऑनलाइन तत्काल कोटा: यदि एडवांस सीटें भर जाती हैं, तो आप दर्शन के दिन से एक दिन पहले सुबह 8 बजे इसी आधिकारिक पोर्टल पर तत्काल कोटे (लगभग 300 सीटें) के तहत बुकिंग कर सकते हैं।
चलित भस्म आरती दर्शन: यदि आपको ऑनलाइन पास नहीं मिल पाता है, तो भी आप बिना किसी पास के 'चलित दर्शन' की कतार में लगकर आरती के दौरान चलते-चलते बाबा महाकाल के दर्शन कर सकते हैं।
प्रवेश और ड्रेस कोड के अनिवार्य नियम:
रिपोर्टिंग समय: आरती सुबह 4 बजे शुरू होती है, लेकिन श्रद्धालुओं को रात 2 से 2:30 बजे के बीच निर्धारित गेट पर पहुंचना होता है। इसके बाद प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाते हैं।
ड्रेस कोड: भस्म आरती में शामिल होने के लिए पारंपरिक वस्त्र अनिवार्य हैं। पुरुषों को धोती और सोला (बिना सिला हुआ वस्त्र) पहनना होता है, जबकि महिलाओं को साड़ी पहननी होती है।
पहचान पत्र: बुकिंग के समय अपलोड किया गया मूल पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) साथ रखना अनिवार्य है
इसके अतिरिक्त, आम श्रद्धालुओं के लिए शीघ्र दर्शन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसके जरिए भक्त दिन के समय सुबह 6 से रात 11 बजे तक बिना लंबी कतार में लगे जल्दी दर्शन कर सकते हैं। इस सुविधा के लिए प्रति व्यक्ति ₹250 का शुल्क निर्धारित है, जिसे श्री महाकालेश्वर शीघ्र दर्शन पोर्टल या मंदिर के काउंटर से बुक किया जा सकता है। हालांकि, यह ध्यान रखना आवश्यक है कि इस टिकट से भस्म आरती में प्रवेश नहीं मिलता है।