Lok Sabha Election 2024: कंगना रनौत जोधपुर में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री और बीजेपी के प्रत्याशी गजेंद्र सिंह शेखावत के समर्थन में जनता से वोट मांगेंगी
Lok Sabha Election 2024: बॉलीवुड अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत मंगलवार को जोधपुर में रोड शो करेंगी। कंगना दोपहर 2 बजे जोधपुर पहुंचेंगी। वे दो घंटे तक जोधपुर में ही रहेंगी। इसके बाद शाम 5 बजे पाली में व शाम 7.30 बजे जोधपुर में रोड शो करेंगी। आपको बता दें कि इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी जोधपुर का दौरा कर चुके हैं।
वहीं भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्र सिंह शेखावत रविवार को शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभाओं में कांग्रेस पर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन में शामिल एक पार्टी ने घोषणा पत्र में कहा है कि अगर राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे तो कश्मीर में अनुच्छेद 370 को वापस लागू करेंगे। उन्होंने कटाक्ष करते कहा कि न राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे और न ही कश्मीर में 370 लागू होगा।
शेखावत ने विधायक बाबू सिंह राठौड़ के गांव नाथड़ाऊ के साथ ही बावरली, उटाम्बर, खुडियाला, चामु, बारनाउ, लोड़ता अचलावतां, सेखाला और बेलवा खत्रियां की जनसभाओं को संबोधित किया। इससे पहले शेखावत जोधपुर में महावीर जयंती पर निकली शोभायात्रा में शामिल हुए। वे शहर के परकोटा में स्कूटर पर सवार हुए और विधायक अतुल भंसाली ने स्कूटर चलाया।