Jodhpur News: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जोधपुर में ‘न्याय प्रणाली के सशक्तिकरण में प्रौद्योगिकी की भूमिका’ विषय पर आयोजित सेमिनार में लेंगे हिस्सा
Jodhpur News: राजस्थान उच्च न्यायालय की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की ओर से शनिवार को प्लेटिनियम जुबली उत्सव का आयोजन किया जाएगा। डालीबाई मंदिर सर्कल स्थित निजी रिसॉर्ट में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशिष्ट आथित्य में हो रहे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर गुरुवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष रतनाराम ठोलिया तथा महासचिव शिवलाल बरवड़ ने बताया कि इस दौरान ‘न्याय प्रणाली के सशक्तिकरण में प्रौद्योगिकी की भूमिका’ विषय पर सेमिनार होगी।
सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश पंकज मित्तल, न्यायाधीश संदीप मेहता, राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एमएम श्रीवास्तव, पूर्व मुख्य न्यायाधीश एसएस शिन्दे विशिष्ठ अतिथि होंगे। भारत सरकार के सोलिस्टिर जनरल तुषार मेहता, राजस्थान के विधि मंत्री जोगाराम पटेल तथा राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश डॉ. पुष्पेन्द्रसिंह भाटी विशेष अतिथि होंगे। इस दौरान एसोसिएशन के सदस्य रहे न्यायाधीशों का सम्मान किया जाएगा। समारोह में राजस्थान के सभी 270 बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा सचिव को आमंत्रित किया गया है। प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष धीरेन्द्र दाधीच, सहसचिव विजेन्द्र पुरी, पुस्तकालय सचिव कांता राजपुरोहित, कोषाध्यक्ष विमल कुमार माहेश्वरी उपस्थित रहे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार को प्रात: 9.30 बजे जोधपुर आएंगे। एयरपोर्ट पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा व कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया जाएगा।