जोधपुर

बजरी से सम्पत्ति अर्जित करने वाले माफिया पर होगी बड़ी कार्रवाई

- अवैध बजरी माफिया पर अंकुश के लिए लूनी नदी के आस-पास 18 नाकों पर 24 घंटे 110 जाब्ता तैनात

2 min read
Feb 18, 2025
बजरी के अवैध स्टॉक को नष्ट करते हुए

जोधपुर.

बजरी के अवैध खनन व परिवहन करने वाले माफिया पर अंकुश के लिए पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी जिला पुलिस ने नया तरीका निकाला है। अवैध बजरी से सम्पत्ति अर्जित करने वालों की खुफिया जानकारी जुटाई जा रही है। अब तक ऐसे तीन बजरी माफिया चिह्नित किए गए हैं। उधर, लूनी नदी के आस-पास 18 नाकाें पर 24 घंटे निगरानी के लिए 110 जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस ने चालू साल में 48 दिन में 14 एफआइआर दर्ज कर 33 वाहन जब्त कर 2490 टन स्टॉक नष्ट किया है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि बजरी माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगा है। इसके लिए जिले में लूनी नदी के आस-पास और अवैध खनन वाले क्षेत्रों में 18 अस्थाई नाके लगा दिए गए हैं। इन पर 24 घंटे लगातार निगरानी रखी जा रही है। अलग-अलग शिफ्ट में 110 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस ने जनवरी से अब तक बजरी माफियाओं के खिलाफ 13 मामले दर्ज कर 15 जनों को गिरफ्तार किया। 33 डम्पर व जेसीबी जब्त की गई है। अलग-अलग जगहों पर स्टॉक करके रखी 2490 टन बजरी नष्ट की जा चुकी है।

ड्रग्स तस्करों की तरह अर्जित सम्पत्ति पर कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि एनडीपीएस एक्ट की तरह अब नए कानून बीएनएसएस की धारा 107 के तहत किसी भी अपराध से अर्जित सम्पत्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इसी के तहत बजरी माफियाओं को चिह्नित किया जा रहा है। जिले में तीन ऐसे माफियाओं को चिह्नित किया गया है जिन्होंने अवैध बजरी खनन-परिवहन से सम्पत्ति अर्जित की है। इस संबंध में कार्रवाई की जा रही है।

तीन गिरफ्तार, डम्पर, जेसीबी व एसयूवी जब्त

लूनी थाना पुलिस ने बजरी से भरा डम्पर भगा ले जानेके मामले में रोहिचा खुर्द निवासी प्रमोद सरगरा, मूलत: पाली में दिवांदी हाल बोरानाडा निवासी दलाराम पटेल और धुंधाड़ा निवासी सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार किया। डम्पर, जेसीबी व एसयूवी जब्त किए गए हैं। आरोपियों ने गत नौ फरवरी की रात धुंधाड़ा में अस्थाई नाका के पास पुलिस के कब्जे से डम्पर भगा दिया था। पुलिस ने 12 फरवरी को मामला दर्ज किया था। इस पर थानाधिकारी व हेड कांस्टेबल को चार्जशीट देकर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

Published on:
18 Feb 2025 12:12 am
Also Read
View All

अगली खबर