- पहली बार जोधपुर में जुटेंगे तीनों सेना अध्यक्ष- रक्षा मंत्री व रक्षा सचिव भी आएंगे
- पहली बार जोधपुर में जुटेंगे तीनों सेना अध्यक्ष
- रक्षा मंत्री व रक्षा सचिव भी आएंगे
- कमाण्डर कॉन्फ्रेंस में राफेल सहित कई मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
जोधपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह जोधपुर मिलिट्री स्टेशन पर सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी सालगिरह के मौके आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी में जहां भारत की सामरिक ताकत का प्रदर्शन होगा, वहीं मोदी जवानों का हौसला बढ़ाएंगे। यह पहला मौका है, जब तीनों सेना अध्यक्ष जोधपुर में एक साथ नजर आएंगे। उनके साथ रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और रक्षा राज्य मंत्री सुभाष भामरे भी मौजूद रहेंगे।
कमाण्डर कॉन्फ्रेंस के लिए पहली बार एयरफोर्स बेस का चुनाव किया गया है। पश्चिमी सीमा के सबसे बड़े जोधपुर एयरबेस का इसके लिए चयन होना कई मायनों में महत्वपूर्ण है। कॉन्फ्रेंस में एयरफोर्स से जुड़े मुद्दों पर प्रमुखता से चर्चा की संभावना है। वायुसेना के लिए राफेल विमान की खरीद, हाल में थल सेना के लिए खरीदे गए हथियार, दक्षिणी चीन सागर व श्रीलंका तक चीनी घुसपैठ, कश्मीर में राज्यपाल शासन के बाद के वहां के हालात पर चर्चा हो सकती है।
आम लोग भी देख सकेंगे प्रदर्शनी
लांसर चौराहा स्थित कोणार्क स्टेडियम में आर्मी की तीन दिवसीय प्रदर्शनी को शुक्रवार से ही आम जनता देख सकेगी। दर्शक शुक्रवार अपराह्न 4 से शाम 7 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन कर पाएंगे। शनिवार को प्रदर्शनी अवलोकन का समय सुबह 9 से दोपहर 12 और अपराह्न 4 से शाम 7 बजे तक रहेगा। रविवार को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक प्रदर्शनी देख पाएंगे।
मेडिकल टीमें गठित
प्रधानमंत्री के जोधपुर आगमन को लेकर मेडिकलें टीमें तैनात कर दी गई हैं। एम्स ने मेडिसिन, सर्जरी व एनेस्थिसिया के तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ एक मेडिकल टीम पीएम के कारकेड में तैनात की है। साथ ही एम्स में कॉर्डियोलॉजी, कॉर्डियोथोरेसिक, न्यूरोसर्जरी विभाग व उनके विशेषज्ञ टीमों को स्टैण्डबाय रखा गया है। इधर, एसएन मेडिकल कॉलेज ने एक विशेषज्ञ चिकित्सकों की मेडिकल टीम लगाई है और एमडीएम अस्पताल में कंट्रोल रूम बनाते हुए सभी विभागाध्यक्षों को अलर्ट पर रखा गया है। सीएमएचओ की ओर से भी चिकित्साकर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है।