
14 मोटरसाइकिलें चुराने के बाद बना झोला छाप चिकित्सक
vikas choudhary/जोधपुर. महामंदिर थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले दो युवकों को रविवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने एक साल पहले चौदह मोटरसाइकिलें चुराना कबूल किया है। इनमें से एक आरोपी पाली जिले के सोजत में झोला छाप चिकित्सक बनकर लोगों का उपचार कर रहा था। थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि परिहार नगर में अस्सी फीट रोड स्थित हरिमंगल गार्डन के बाहर से एक साल पूर्व चोरी होने वाली मोटरसाइकिल के मामले में शक्ति नगर गली-6 निवासी विनोद (25) पुत्र होतचंद पंवार और माता का थान के सामने निवासी सन्नी टाक (22) पुत्र किशन टाक को गिरफ्तार किया गया। अब तक की पूछताछ में आरोपियों ने पावटा, महामंदिर, उदयमंदिर व रातानाडा क्षेत्र से चौदह मोटरसाइकिलें चुराना कबूल किया है। सभी वारदातें एक साल पहले की है।पुलिस का कहना है कि एक साल पहले मोटरसाइकिल चुराने के बाद आरोपी विनोद पंवार पाली जिले की सोजत तहसील चला गया था, जहां वो झोला छाप चिकित्सक बनकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा था। जबकि सन्नी टाक कमठा मजदूरी करता है।
चोरी की मोटरसाइकिल बेचने से मिले सुराग
वारदातों के बाद आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलें औने-पौने दामों पर बेच देते थे। उनसे मिली राशि से वे शराब पीते व मौज मस्ती करते थे। आरोपियों ने चोरी की एक मोटरसाइकिल जहां बेची थी, वहां से पुलिस को दोनों के बारे में सुराग मिले थे। दोनों को बुलाकर पूछताछ की गई तो वारदातें खुलती चली गई। पुलिस चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी में है।
--------
चाय बनाते समय स्टोव भभकने से ग्रामीण की मौत
करवड़ थानान्तर्गत भवाद गांव में बंद कमरे में चाय बनाने के दौरान स्टोव भभकने से झुलसे ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा है। पुलिस के अनुसार भवाद गांव निवासी नरपत सिंह (48) पुत्र हरिसिंह शनिवार दोपहर बाद बंद कमरे में स्टोव पर चाय बना रहा था। तभी अचानक स्टोव भभक गया और आग लग गई। धोती पहने होने से नरपत सिंह भी चपेट में आ गया। वह बुरी तरह लपटों से घिर गया। आस-पास के लोग उसे महात्मा गांधी अस्पताल लेकर गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है।
----------
आरओबी के नीचे मिला शव
रिक्तेश्वर भैरूजी चौराहे के पास वीर दुर्गादास राठौड़ आरओबी के नीचे रविवार को अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शिनाख्त न हो पाने पर शास्त्रीनगर थाना पुलिस शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार सुबह करीब ग्यारह बजे आरओबी के नीचे अज्ञात शव मिला, जो किसी खानाबदोश का नजर आता है। संभवत: किसी बीमारी से उसकी मृत्यु हुई है। आस-पास के लोगों से शिनाख्त के प्रयास किए गए, लेकिन बाद में शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। मृतक की उम्र 45-50 वर्ष बताई जाती है।
--------
बाड़े में टावर के पास मिला श्रमिक का शव
बासनी थानान्तर्गत सांगरिया गणेश नगर स्थित खाली बाड़े में मोबाइल टावर के पास रविवार रात एक श्रमिक का शव मिला। पुलिस को अंदेशा है कि पास स्थित किराए के मकान की छत से नशे में रात को नीचे गिरने से उसकी मृत्यु हुई है। उप निरीक्षक बिशन सिंह ने बताया कि मूलत: नागौर जिले में जसवंतगढ़ थानान्तर्गत उसानिया हाल गणेश नगर निवासी बाबू सिंह (48) पुत्र जेठू सिंह व उसका पुत्र बासनी स्थित पैक पॉइंट फैक्ट्री में काम करते थे। वो गणेश नगर में बाबूराम पटेल के मकान में किराए पर रहते थे। बाबू सिंह का शव रविवार रात किराए के मकान के पीछे ही बाड़े में मोबाइल टावर के पास औंधे मुंह मिला। वह अण्डरवियर व बनियान पहने हुए था। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। मकान की छत पर बीड़ी व माचिस आदि पड़ी थी। पुलिस को अंदेशा है कि शनिवार मध्यरात्रि छत पर सोने के दौरान नशे में वो छत से नीचे गिरा है। सिर में चोट लगने से उसकी मृत्यु हो गई। प्रारम्भिक जांच के बाद पुलिस ने शव एम्स की मोर्चरी में रखवाया है, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।