
बासनी(जोधपुर). देश के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। जिसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छ रहने व अपने आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के प्रति भागीदारी सुनिश्चित करना था। जिसके तहत कई संगठनों ने भी इस अभियान से प्रेरणा लेते हुए सफाई अभियान चलाया। इसी अभियान के तहत जोधपुर में भी नगर निगम के जिम्मेदारों को सफाई अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का जिम्मा दिया गया था, लेकिन निगम के जनप्रतिनिधि स्वयं ही स्वच्छता अभियान को हल्के में ले रहे हैं। जनता से जुड़े कार्यों को गंभीरता से नहीं लेने का नतीजा ही है कि निगम की ओर से अपना बोर्ड बनने के बाद भी कई वार्डों में अब तक कचरा पात्र नहीं लग पाए हैं। इससे जहां वार्डों में बेशुमार गंदगी दिखाई देती है वहीं कचरा पात्र नहीं होने से लोग जहां जगह मिली वहीं कचरा डाल कर खिसक लेते हैं। ऐसे में निगम की लापरवाही से कई लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी ही अनदेखी का नजारा बासनी क्षेत्र में निगम के वार्ड न. 25 व 26 में दिखाई पड़ता है। कचरा पात्र के अभाव में इन वार्डों के अंतर्गत आने वाली कॉलोनियां स्वच्छता अभियान की दौड़ में नजदीक भी नहीं है। ऐसे में पहले से ही साफ-सफाई की श्रेणी में पीछे चल रहे जोधपुर को जिम्मेदारों ने एक कदम और पीछे खिसका दिया है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर स्वच्छता अभियान क्यों फीका नजर आ रहा है। इसके प्रति किसकी जवाबदेही निश्चित की जानी चाहिए। आज के अंक में पढि़ए कचरा पात्र के अभाव में गंदगी के नगर बनते वार्डों पर एक रिपोर्ट-
वार्ड नम्बर 25
बासनी पशु आहार से भगत की कोठी तक फैला यह वार्ड स्वच्छता के मामले में कहीं भी खरा उतरता नजर नही आता है। वार्ड की गलियां हो या चाहे मुख्य सड़क गंदगी से अटी नजर आती है। इससे वार्ड में गंदगी के ढेर ही नजर आ रहे हैं। वहीं जागरूक लोगों की शिकायत के बाद भी वार्ड में स्वच्छता बनाए रखने पर अमल नहीं हो रहा है।
क्षेत्राधिकार में आने वाली कॉलोनियां
वार्ड 25 के अंतर्गत भगत की कोठी विस्तार योजना क्षेत्र, बासनी, चार दुकान, ट्रांसपोर्ट नगर, पशु आहार, केके कॉलोनी सहित कई कॉलोनियां शामिल हैं। वर्तमान में इन कॉलोनियों में कहीं पर भी कचरा पात्र नजर नहीं आते हैं। स्वयं पार्षद के रहने वाली कॉलोनी में भी कचरा पात्र का अभाव है।
वार्ड 26
इस वार्ड में नेशनल हैंडलूम से सरस्वती नगर, मधुबन, झालामंड, मीरा नगर, हेम नगर, ओम कॉलोनी, डीडीपी नगर, पाली रोड सहित कई नगर शामिल हैं। एक दो कॉलोनी को छोड़ दिया जाए तो यहां भी वार्ड 25 जैसा ही हाल नजर आया। इन कॉलोनियों में साफ-सफाई व स्वच्छता बनाए रखने के कोई खास इंतजाम नजर नहीं आए। कॉलोनी में कचरा पात्र के अभाव में जहां जागरूक लोगों को उचित स्थान पर जाकर कचरा डालने के लिए मेहनत करनी पड़ रही है,वहीं कई लोग आस-पास की जगहों पर ही कचरा फैंक रहे हैं। इससे वार्ड में फैली गंदगी पर आवारा पशु विचरण करते रहते हैं।
पार्क में डाल रहे कचरा
कॉलोनी में कचरा पात्र नहीं होने से वार्ड के लोग कॉलोनियों में खाली पड़े पार्क में ही कचरा डाल रहे हैं। इससे पार्क का सौंदर्य खराब हो रहा है। वहीं कचरा डाल रहे लोगों को रोकने वाला भी कोई नहीं है। ऐसे में पार्क में आने वाले लोगों को गंदगी व बदबू से परेशान होना पड़ता है।
इनका कहना है
वार्ड में कचरा होने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोग कचरा डाल रहे हैं। कोई भी सफाई का ध्यान नहीं रख रहे हैं। ऐसे में यहां पर कचरा पात्र लगाया जाए तो राहत मिलेगी।
बाबूलाल पटेल
सबसे बड़ी समस्या गंदगी की है। प्रधानमंत्री के अभियान से भी कोई प्रेरणा नहीं ले रहा है। क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है। निगम को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
शक्ति सिंह देवड़ा
कॉलोनी में सफाई कर्मचारी नहीं आता है। खाली पड़े प्लॉट में लोग कचरा डालकर गंदा कर रहे हैं। कॉलोनी में कचरा पात्र लगाया जाना चाहिए। इससे घरों का कूड़ा सड़क पर नहीं डालेंगे।
मुन्नी देवी
सड़क पर गंदगी पड़ी है, लेकिन कोई भी सफाई नहीं करवा रहे हैं। ऐसे में बड़ी मात्रा में कचरा सड़क पर पड़ा रहता है। शिकायत करने के बाद भी कोई भी साफ-सफाई नहीं कर रहे हैं।
सुगणा देवी