जोधपुर

रहिए सावधान! कहीं आप भी इसके शिकार तो नहीं, क्रेडिट कार्ड से ठगी के मामले में पुलिस ने छापा मार किया बड़ा खुलासा

क्रेडिट कार्ड से ठगी के लिए चलाए जाने वाले ऑफिस पर पुलिस का छापा, 150 क्रेडिट कार्ड, आठ स्वैप मशीनें व कई मोबाइल सिम किए जब्त
2 min read
• •
Updated: 4 May 2018, 9:01 AM IST
One arrested in the case of 1.5 crore credit card fraud in jodhpur

जोधपुर। एसबीआई की दिल्ली स्थित अन्वेषण शाखा की सूचना पर सरदारपुरा थाना पुलिस ने गुरुवार देर शाम थाने से कुछ दूर सी रोड स्थित पूनम कॉम्प्लेक्स के भूतल में बने ऑफिस में छापा मार एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर विभिन्न बैंकों के 150 क्रेडिट कार्ड, आठ स्वैप मशीनें व कई मोबाइल सिम जब्त किए है। थानाधिकारी भूपेन्द्र सिंह के अनुसार आईटी एक्ट व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर मौके से सरदारपुरा निवासी हेमंत माहेश्वरी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी छह-सात माह से लोगों के क्रेडिट कार्ड को अपने ऑफिस में ही स्वैप कर के पूरी लिमिट राशि अफने खाते में जमा कर रहा था।

एक ही जगह पर गड़बड़ी होने से आया पकड़ में -

आरोपी हेमंत माहेश्वरी छह-सात माह से सरदारपुरा सी रोड स्थित ऑफिस से सारे क्रेडिट कार्ड को स्वैप कर के पूरी लिमिट राशि अपने खाते में जमा कराता था। जबकि भुगतान एक भी क्रेडिट कार्ड का जमा नहीं हुआ था। एसबीआई की दिल्ली स्थित इनवेस्टिगेशन विंग ने जांच शुरु की तो एक ही जगह से सारे कार्ड की राशि स्थानान्तरण होने पर संदेह हुआ। उन्होंने इस बारे में जोधपुर को सूचना दी। उस आधार पर देर शाम वहां छापा मारा गया।

क्रेडिट कार्ड धारक अनभिज्ञ -

लोन के लिए दस्तावेज जमा कराने के बाद आरोपी बैंक से उसी के नाम का क्रेडिट कार्ड जारी करवा लेता। उस व्यक्ति तक कार्ड पहुंचने से पहले ही वह कोरियर वाले से संपर्क कर कार्ड हथिया लेता। चूंकि पासवर्ड भी साथ ही होता है तो स्वैप मशीन की मदद से राशि अपने खाते में ले लेता। रुपए जमा ना होने पर बैंक कार्ड धारक से संपर्क करती, तब ग्राहक को ठगी का पता लगता।

अब तक डेढ़ करोड़ ठगे -

पुलिस का कहना है अब तक आरोपी से 150 क्रेडिट कार्ड जब्त किए गए है। बैंक प्रत्येक क्रेडिट कार्ड पर एक से डेढ़ लाख रुपए तक की लिमिट देता है। वह छह-सात माह से फर्जीवाड़ा कर रहा था। इस हिसाब से उसने 1.50 करोड़ से अधिक रुपए अपने खाते में हस्तांरित कराए है।

Published on: