जोधपुर

सांकेतिक हड़ताल शुरू: आज से इतने घंटों तक नहीं मिलेगा पेट्रोल और डीजल

प्रदेश के समस्त पेट्रोल पंप बुधवार से दो दिनों तक सुबह 10 से शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे।

less than 1 minute read
Sep 13, 2023
petrol_pumps_closed.jpg

जोधपुर। प्रदेश के समस्त पेट्रोल पंप बुधवार से दो दिनों तक सुबह 10 से शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे। इस दौरान वाहन चालकों को पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा। एम्बुलेंस सहित अन्य इमरजेंसी सेवाएं इससे मुक्त रखी गई है। पेट्रोल पंपों की सांकेतिक हड़ताल को देखते हुए मंगलवार रात को शहर के पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की भीड़ उमड़ पड़ी। पंपों पर वाहनों की कतारें लग गई। विशेषकर दुपहिया वाहनों की भीड़ लग गई।

हालांकि बुधवार और गुरुवार को वाहन चालक सुबह दस बजे से पहले और शाम छह बजे के बाद पेट्रोल-डीजल आसानी से ले सकते हैं। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स की ओर से पूरे प्रदेश में पेट्रोल पंप पर दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की घोषणा की गई है।

पेट्रोल पंप डीलर गोपालसिंह रुदिया ने बताया कि पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने और डीलर्स कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर सांकेतिक हड़ताल की जा रही है। वर्तमान में पेट्रोल पर वैट की दर करीब 31 प्रतिशत और डीजल पर करीब 22 प्रतिशत है जो पड़ोसी राज्यों से ज्यादा है, जिसके कारण प्रदेश के सीमावर्ती पेट्रोल पंपों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। डीलर कमीशन भी बीते कई सालों से नहीं बढ़ा है।

Updated on:
13 Sept 2023 11:28 am
Published on:
13 Sept 2023 09:33 am