जोधपुर

Rajasthan News: बस स्टैंड पर दिनदहाड़े फायरिंग, युवक को गोलियों से भूना…मौत

फलोदी के मतोड़ा थाना क्षेत्र के भीकमकोर गांव के बस स्टैंड पर शनिवार को दिन दहाड़े मोटरसाइकिल पर आए आरोपियों ने एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।
2 min read
Mar 21, 2026
Youth Shot Dead
फोटो पत्रिका नेटवर्क

Phalodi Shooting Murder : जोधपुर। फलोदी के मतोड़ा थाना क्षेत्र के भीकमकोर गांव के बस स्टैंड पर शनिवार को दिन दहाड़े मोटरसाइकिल पर आए आरोपियों ने एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। खून से लथपथ युवक को तत्काल ओसियां अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जोधपुर के लिए रेफर कर दिया। जोधपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी की, लेकिन देर रात तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत और फलोदी पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार रावलसिंह पुत्र नरपतसिंह निवासी नोसर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बस स्टैंड पर खड़ा था। इस दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने रावल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी । इसमें रावल नीचे गिर गया। बदमाश उसके पास आए दोबारा फायर किया। इसके बाद वे फरार हो गए।

बस स्टैंड पर अचानक हुई फायरिंग से लोग सहम गए। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई । लोगों ने युवको को घायल हालत में रावल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। मृतक की कुछ लोगों से पुरानी रंजिश भी सामने आई है, लेकिन इस वारदात को अंजाम देने वालों की तलाश की जा रही है।

ओसियां से रेफर किया, जोधपुर में टूटा दम

घायल हालत में रावल को ओसियां अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर कर दिया। जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में उपचार के दौरान उसका दम टूट गया। मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी, रंजिश का भी संदेह

पुलिस का कहना है कि रावल की एक गुट से रंजिश चल रही थी। कुछ महीनों पहले ओसियां में दोनों गुटों में मारपीट हुई। इसमें रावल घायल हुआ था। पुलिस का मानना है कि वारदात के पीछे आपसी रंजिश भी हो सकती है। मृतक पर विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी खंगाल रही है। हालांकि, फरार हमलावरों के बारे में पुलिस को अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।

Published on:
21 Mar 2026 09:39 pm