जोधपुर

कांस्टेबल की हत्या के बाद बजरी माफियाओं पर धावा, 46 डम्पर सहित 78 वाहन व 42 सौ टन बजरी स्टॉक जब्त, 24 गिरफ्तार

लोहावट निवासी सुनील खिलेरी पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर के लूनी थाने में कांस्टेबल था, जिसकी बजरी माफिया ने कुचलकर हत्या कर दी थी।

2 min read
May 29, 2025
जोधपुर पुलिस ने शुरू किया सर्च अभियान। (फोटो- पत्रिका नेटवर्क )

राजस्थान के जोधपुर में अवैध बजरी से भरे डम्पर से कुचलकर कांस्टेबल सुनील खिलेरी की हत्या के बाद हरकत में आई पुलिस ने गुरुवार को लूनी क्षेत्र में बजरी माफिया के ठिकानों पर धावे बोले। पुलिस की 25 टीमों के 175 जवानों ने बजरी माफिया के सौ से अधिक ठिकानों पर छापे मारे। 46 डम्पर सहित 78 वाहन और 42 सौ टन बजरी का अवैध स्टॉक जब्त किया गया। इस दौरान अफीम का 1.5 किलो दूध व दो जगह अवैध शराब भी जब्त की गई।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि बजरी माफिया पर नकेल कसने के लिए सुबह-सुबह लूनी नदी और आस-पास के क्षेत्र में विशेष अभियान और एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की गई। एडीसीपी निशांत भारद्वाज के नेतृत्व में आठ एएसपी, चार एसीपी, पश्चिमी जिले के सभी 16 थानाधिकारियों की 25 टीमें गठित की गईं। पुलिस स्टेशन लूनी में सभी को एकत्रित कर डीसीपी वर्मा ने स्वयं कार्रवाई के संबंध ब्रीफ यानि दिशा निर्देश दिए। तत्पश्चात 25 टीमों को अलग-अलग जगहों पर भेजा गया। बजरी माफिया के सौ से अधिक ठिकानों पर छापे मारे गए। इससे हड़कम्प मच गया।

कार्रवाई में जब्त

46 डम्पर, एक ट्रक, 8 जेसीबी, दो ट्रैक्टर ट्रॉली, दो एसयूवी, 5 बोलेरो, एक बोलेरो पिकअप, दो बोलेरो कैम्पर, दो लग्जरी कार, एक कार व आठ बाइक तथा 4200 टन बजरी का स्टॉक।

छह एफआइआर

पुलिस ने छह एफआइआर दर्ज की। एक जगह से अफीम का 1.5 किलो दूध जब्त कर एसयूवी जब्त की गई। दो जगह से अवैध शराब मिली। वहीं, बजरी के अवैध खनन व परिवहन के तीन मामले दर्ज किए गए।

यह वीडियो भी देखें

विभिन्न मामलों में 24 व्यक्ति गिरफ्तार

विशेष अभियान व एरिया डोमिनेशन के तहत आठ स्थाई वारंटी, दो गिरफ्तारी वारंटी, अवैध खनन के मामलों में वांछित एक आरोपी और शांतिभंग करने के आरोप में 13 जनों को गिरफ्तार किया गया।

यातायात पुलिस : 30 डम्पर जब्त, 17 चालान

उधर, यातायात पुलिस की ओर से पिछले तीन दिन से अवैध बजरी से भरे डम्परों के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। इसी के तहत तीन डम्पर जब्त कर 17 डम्परों के चालान बनाए गए हैं।

Also Read
View All

अगली खबर