शहर की फतेह सागर, बागर चौक स्थित चौकी में भी नहीं है पुलिस कर्मचारी, मजाक बन कर रह गए हैं सुरक्षा के इंतजाम
शहर में आए दिन फायरिंग के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस के पास चौकियों में सुरक्षा के इंतजाम न के बराबर है। पुलिस विभाग ने कई क्षेत्रों में पुलिस चौकियां तो बना दी है, लेकिन इनमें कभी पुलिस कर्मचारी नजर नहीं आते। एक तरफ जहां महामंदिर थाने की दो चौकियां कागजों में चल रही हैं, वहीं नागौरी गेट की भी दो चौकियां ऐसी हैं, जहां सिर्फ तंबू के भरोसे ही क्षेत्रवासियों की सुरक्षा व्यवस्था चल रही है। एक्सपोज टीम ने गुरुवार को नागौरी गेट की इन दो चौकियों के लाइव हालात देखे तो यहां सिर्फ खाली तंबू में पलंग और कूलर ही नजर आए।
किला रोड बागर मैदान :
इस चौकी पर एक्सपोज टीम दोपहर 3.15 बजे यहां पहुंची। इस समय यहां कोई भी कर्मचारी नहीं मिला। लोगों से पूछा तो पता चला कि यहां कोई रहता ही नहीं है। लंबे समय से यहां थाना बनना प्रस्तावित है, लेकिन अभी भी यहां सिर्फ तंबू ही नजर आता है। महीनों पहले यहां की तारबंदी को कुछ असामाजिक तत्वों ने तोड़-तोड़कर फेंक दिया। इसके बाद पुलिस ने फिर से तारबंदी करवाकर टेंट लगाया। वर्तमान में चौकी के अंदर दो पलंग व कुछ कुर्सियां पड़ी है।
फतेह सागर चौकी :
इस चौकी में भी सुरक्षा के नाम पर कोई पुलिस का कर्मचार नजर नहीं आता। हालात यह है कि यहां रखे सामान की सुरक्षा भी क्षेत्रवासियों को करनी पड़ती है। एक्सपोज टीम यहां दोपहर 3.30 बजे पहुंची तो यहां भी सिर्फ एक पलंग, एक बक्शा, कुछ टूटी कुर्सियां और एक कूलर लगा नजर आया। इस चौकी के आसपास आए दिन छोटे-मोटे झगड़े होते रहते हैं, इसलिए लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह चौकी बनाई गई, लेकिन यह सिर्फ नाममात्र की चौकी ही बनकर रह गई है।