जोधपुर

Rajasthan: राजस्थान में तैयार होने वाली थी 30 करोड़ की MDM ड्रग्स, डीएसटी-पुलिस टीम ने तस्करों को दिया बड़ा झटका

Phalodi MDM Drugs Factory: फलोदी जिले के मोडकिया गांव में सुनसान ट्यूबवेल पर चल रही एमडीएमए ड्रग्स फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में मौके से करोड़ों रुपए कीमत की एमडीएमए, खतरनाक रसायन और उपकरण जब्त किए गए हैं।
3 min read
May 21, 2026
Phalodi MDM Drugs Factory
जब्त सामान के साथ पुलिस टीम। फोटो- पत्रिका

फलोदी। युवाओं को नशे के जाल में फंसाने की साजिश का एक बार फिर फलोदी में खुलासा हुआ है। जिले के मोडकिया गांव में जिला स्पेशल टीम और बाप थाना पुलिस ने मादक पदार्थ एमडीएमए बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह फैक्ट्री एक सुनसान नलकूप पर संचालित की जा रही थी। मौके से मिले रसायनों से करीब 30 करोड़ रुपए कीमत की 30 किलोग्राम एमडीएमए तैयार करने की तैयारी थी। पुलिस ने फैक्ट्री पकड़कर एक किलो 80 ग्राम एमडीएमए, रसायन और उपकरण जब्त किए हैं।

यह वीडियो भी देखें

सन्नाटे में मादक पदार्थों की तस्करी का जाल

धोरों और सुनसान ट्यूबवेल की आड़ में युवाओं की जिंदगी को नशे के अंधेरे में धकेलने की साजिश रची जा रही थी। बाप थाना क्षेत्र के मोडकिया गांव में एक ट्यूबवेल पर संचालित एमडीएमए (मिथाइल एनेडियोक्सी मेथामफेटामाइन) बनाने की फैक्ट्री का जिला विशेष टीम (डीएसटी) फलोदी और बाप पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने मौके से करीब एक करोड़ आठ लाख रुपए कीमत की 1.080 किलोग्राम अवैध एमडीएमए, रसायन, मशीनें और उपकरण जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

इस हफ्ते तीसरी बड़ी कार्रवाई

पुलिस ने फलोदी जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ इस सप्ताह तीसरी बड़ी कार्रवाई की है। इस बार सबसे खतरनाक मादक पदार्थ एमडीएमए बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई है। पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी फलोदी और बाप थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।

रात के अंधेरे में दी दबिश, तो खुली परतें

पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि मोडकिया गांव के राजस्व गांव भारूवा नगर स्थित एक सुनसान ट्यूबवेल पर गुपचुप तरीके से एमडीएमए तैयार किया जा रहा है। सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराजसिंह चारण और सीओ अचलसिंह देवड़ा के सुपरविजन में बाप थानाधिकारी रमेश ढाका और डीएसटी प्रभारी प्रदीप एएसआई के नेतृत्व में टीम ने बुधवार मध्यरात्रि को दबिश दी।

टिनशेड का बंद छपरा खोलते ही फैली रासायनिक दुर्गंध

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ट्यूबवेल पर बने टिनशेड के बंद छपरे को खोलते ही पुलिस को तेज रासायनिक दुर्गंध महसूस हुई। अंदर जांच करने पर एमडीएमए बनाने में उपयोग किए जा रहे इलेक्ट्रिकल हीटर, कांच के जार, मशीनें और रसायनों से भरे जरीकन मिले। मौके पर क्लोरोफार्म, अमोनिया, एसिड, टोलविन, ब्रोमो, एचसीएल सहित कई खतरनाक केमिकल भी मिले।

30 किलो एमडीएमए की हो रही थी तैयारी

पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से कुल 1.080 किलोग्राम एमडीएमए बरामद की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जब्त रसायनों से करीब 30 किलोग्राम एमडीएमए तैयार की जा सकती थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 करोड़ रुपए है। पुलिस ने ट्यूबवेल मालिक सुखराम पुत्र रेशमाराम गोदारा निवासी मोडकिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ कर अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच भोजासर थानाधिकारी जमील खान कर रहे हैं।

फैक्ट्री संचालन के लिए सुनसान इलाके का चयन

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने फैक्ट्री संचालन के लिए जानबूझकर सुनसान स्थान चुना था, ताकि रासायनिक दुर्गंध और गतिविधियों की जानकारी किसी को न लगे। बंद टिनशेड में पूरी प्रक्रिया चलाई जा रही थी, लेकिन डीएसटी की सतर्कता और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर इस साजिश का खुलासा हो गया। कार्रवाई में बाप थानाधिकारी रमेश ढाका, डीएसटी प्रभारी प्रदीप एएसआई, अनोपाराम एएसआई, जगदीश हेड कांस्टेबल, महेंद्र उज्ज्वल, चैखाराम, प्रतापसिंह, रामेश्वर, महेंद्र चौधरी, श्यामसुंदर, मनोज और रामकुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

लगातार जारी है कार्रवाई

जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला विशेष टीम फलोदी हाल के दिनों में लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। इससे पहले भड़ला क्षेत्र में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा और चाखू क्षेत्र में 36 क्विंटल अवैध डोडा पोस्त से भरे ट्रक की जब्ती की कार्रवाई भी की जा चुकी है। आगामी दिनों में मादक पदार्थों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

  • सतनामसिंह, पुलिस अधीक्षक, फलोदी
Updated on:
21 May 2026 06:23 pm
Published on:
21 May 2026 06:23 pm