जोधपुर

मंडोर औद्योगिक क्षेत्र कहीं नहीं फैला दे महामारी

सड़कों पर बहता है तेजाबी पानी, बढ़ रहा संक्रमण का खतरा
2 min read
Jodhpur,pollution,jodhpur news,Pollution Control Board,Jodhpur Hindi news,jodhpur latest news,Mandore,industrial pollution,
मंडोर औद्योगिक क्षेत्र कहीं नहीं फैला दे महामारी

मंडोर . मंडोर नौ मील रीको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों का केमिकल एवं अन्य रासायनिक पदार्थो से युक्त गंदा पानी सड़कों पर खुला छोडऩे से संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। रसायनयुक्त पानी को पीने से पशुओं में भी बीमारियां फैलने लगी है। रीको के अधिकारियों की घोर लापरवाही के कारण ग्राम देसूरिया विश्नोईयां, दईजर, टूंट की बाडी, देसूरिया खाटोल, सुरपुरा की जमीनें केमिकल के कारण बंजर हो रही है। साथ ही क्षेत्र में बीमारियों का प्रकोप बढ रहा है। मंडोर औद्योगिक क्षेत्र में रीको की ओर से औद्योगिक इकाईयों के गंदे पानी के निकासी की कोई समूचित व्यवस्था नहीं होने और खुले नाले जगह जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण केमिकल का पानी सड़कों पर बह रहा है। गंदे रसायन के पानी की बदबू के कारण क्षेत्र से निकलना भी दूभर हो गया है। मंडोर इण्डस्ट्रीज एरिया 9 मील में संचालित फैक्ट्रियों के संचालक पर्यावरण प्रदूषण संबंधी मानकों की खुली अवहेलना कर रहे है लेकिन उन पर अंकुश लगाने वाला कोई नहीं है। औद्योगिक क्षेत्र के नागरिकों, मजदूरों, कार्मिक एवं राहगीरों को इसका दंश भोगना पड़ रहा है। सर्वोच्च न्यायालय एवं एनजीटी की ओर से औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित उद्योगों पर पर्यावरण प्रदूषण एक्ट के तहत ठोस कार्यवाही के आदेश भी मंडोर औद्योगिक क्षेत्र में लागू होते नहीं दिख नहीं रहे है। शिकायत से बचने के लिए कई फैक्ट्री संचालकों ने रजिस्ट्रेशन एवं भूखण्ड एवं फैक्ट्रियों के क्रमांक नम्बर तक मिटा दिए है। फैक्ट्रियों के जहरीले पानी व बरसाती नाले की निकासी के लिए विभिन्न जगह बने नालों पर अतिक्रमण कर मिट्टी से भर दिया गया है। बारिश के दिनों में फैक्ट्रियों का रसायनयुक्त पानी बहकर सीधे नागौर नेशनल हाईवे 65 पर जमा हो जाता है, जिससे आवागमन एवं यातायात में दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है।

रीको अधिकारियों ने नहीं उठाया फोन

इस बाबत जब मंडोर बनाड़ पत्रिका ने रीजनल मैनेजर रीको मंडोर विनीत गुप्ता से फोन पर कई बार बात करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Published on:
30 May 2018 06:00 pm