
जोधपुर . नागौरी गेट थाना क्षेत्र में सोमवार को अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने गए आबकारी निरोधक दस्ते पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों को पुलिस मंगलवार को भी नहीं पकड़ पाई। जबकि अवैध शराब की सात पेटियों के साथ गिरफ्तार दोनों महिलाओं को अदालत ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। थानाधिकारी लूणसिंह ने बताया कि प्रकरण में मुख्य आरोपी कलाल कॉलोनी निवासी आनंद सिंह मकान पर ताला लगाकर गायब हो गया है।
गौरतलब है कि आबकारी निरोधक दस्ता सोमवार शाम पीओ लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने कलाल कॉलोनी गया था। वहां आरोपियों ने दस्ते पर पथराव के साथ तेजाब भी फेंक दिया था। पीओ सहित तीन लोग तेजाब से झुलस गए थे और पथराव में कई वाहनों के शीशे फूट गए थे।
दो महिलाएं जेल में
आबकारी निरोधक दल ने मकान से अवैध शराब से भरी सात पेटियां जब्त कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया था। इनमें एक महिला हमले के मुख्य आरोपी आनंद सिंह की मां व दूसरी करीबी रिश्तेदार है। आबकारी निरोधक दल ने दोनों महिलाओं को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने के निर्देश दिए। इन दोनों को नागौरी गेट थाना पुलिस हमले के आरोप में गिरफ्तार कर सकती है।