
चैनराज भाटी/जोधपुर. शहर में डिस्कॉम को इस झुलसाने वाली गर्मी में भी आमजन की परवाह नहीं है। बिजली मेंटनेंस के नाम पर शहर में लिया गया बिजली शटडाउन आमजन के लिए मुसीबतें खड़ी कर रहा है। शनिवार को ऐसा ही हुआ। डिस्कॉम ने बीजेएस, महामंदिर इलाके में सुबह 7 से दस बजे तक का शटडाउन लिया, लेकिन बिजली आपूर्ति दोपहर साढ़े 12 बजे शुरू हुई। इस बीच कोई भी डिस्कॉम अधिकारी जिम्मेदारी से जवाब नहीं दे रहा था। उपभोक्ता जब आक्रोशित हुए तो डिस्कॉम ने बिजली आपूर्ति चालू की।
10 बजे बाद शटडाउन लेना मना, फिर भी बिजली कटौती
डिस्कॉम इस तेज गर्मी में शटडाउन के नाम पर बिजली कटौती कर रहा है। मेंटनेंस कार्यक्रम से पहले यह तय किया गया था कि सुबह दस बजे तक हर तरह का मेंटनेंस पूरा कर लिया जाए, ताकि इस गर्मी में बिजली आपूर्ति समय पर शुरू की जा सके। लेकिन डिस्कॉम ऐसा नहीं कर रहा है। महामंदिर, बीजेएस एरिया में शनिवार को हाइटेंशन लाइन के मेंटनेंस के लिए शटडाउन लिया गया। साढ़े दस बजे मेंटनेंस पूरा हो गया। एचटीएम सहायक अभियंता ने बिजली चालू करने की अनुमति दे दी, लेकिन सहायक अभियंता लाल सागर एलएस परिहार व कनिष्ठ अभियंता ने आपूर्ति ढाई घंटे तक शुरू नहीं की। आखिरकार तेज तपन में उपभोक्ता परेशान होकर आक्रोशित हुए और उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत की तो आपूर्ति साढ़े 12 बजे शुरू की। उपभोक्ताओं का आरोप है कि पिछले तीन दिन से रोज सुबह महामंदिर दूसरी पोल इलाके के आस-पास बिजली गुल हो रही है, लेकिन कोई नहीं सुन रहा है।
इन्होंने कहा
सुबह सात से दस बजे तक का शटडाउन था, इस बीच एचटीएम ने अपना काम पूरा कर लिया था। बिजली आपूर्ति दस बजे चालू करने के लिए अभियंताओं को कह दिया था।
- ए उज्जवल, सहायक अभियंता, एचटीएम, डिस्कॉम, जोधपुर ट्रांसफार्म लगाने में देरी हो गई थी, इस कारण बारह बजे बाद बिजली आपूर्ति चालू हो पाई। पिछले दो दिनों से बिजली गुल की जानकारी नहीं है।
- एलएस परिहार, सहायक अभियंता, लाल सागर, डिस्कॉम, जोधपुर।
यह गलत है
दोपहर 12 बजे तक शटडाउन का काम पूरा नहीं करना लापरवाही है। गर्मी में स्पष्ट निर्देश है कि दस बजे तक काम पूरा कर लिया जाए, शटडाउन भी दस बजे तक ही ले, इस बारे में किसी ने लापरवाही बरती है तो जवाब मांगा जाएगा।
- जेके सोनी, अधीक्षण अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम, शहर वृत्त