
जोधपुर.
केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक राजनाथ सिंह ने कहा कि आंख में धूल झोंकने की नहीं, आंख में आंख मिला कर राजनीति करते हैं। बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बोरुंदा कस्बे में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने जाति और गोत्र के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। अपने तय समय से करीब डेढ़ घंटा देरी से सभा स्थल पहुंचे राजनाथ का माला व तलवार भेंट कर स्वागत किया गया। 24 मिनट के अपने चुनावी भाषण में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं गिनाई। साथ ही कांग्रेस पर मंदिर और जाति की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी पर प्रदेश में अपना सेनापति भी नहीं बनाए जाने के मामले में भी प्रहार किए। सर्जिकल स्ट्राइक के मामले को भी जमकर भुनाया। उन्होंने कहा कि कुछ माह पहले राजस्थान में लोग कहते थे कि बीजेपी नहीं आएगी लेकिन अब हालात बिल्कुल उलट है।
पहली बार मंदिर-मंदिर दौड़ लगा रहे
राजनाथ ने कहा कि इतने सालों के राजनीतिक इतिहास में पहली बार कांग्रेसी मंदिर मंदिर दौड़ लगा रहे हैं। कांग्रेस के लिए मंदिर और गाय चुनावी मुद्दा हो सकता है। भाजपा के लिए सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा मामला है।
राहुल पर ऐसे बोला हमला
वे अब जाति और जनेऊ की बात करते हैं जबकि उन्हें पता नहीं हमने भी जनेऊ पहनी है। कुर्ते के ऊपर पहनी है।
राहुल कौन बनेगा मुख्यमंत्री खेल रहे
राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी में हिम्मत नहीं कि वे राजस्थान में मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित कर दे। यदि ऐसा किया तो कांग्रेस खंड खंड बिखर जाएगी। अमिताभ बच्चन जैसे टीवी में कौन बनेगा करोड़पति खिलाते हैं, वैसे ही वे राजस्थान में कौन बनेगा मुख्यमंत्री खेल रहे हैं। पिछले दिनों बीकानेर सीमा पर रात्रि विश्राम का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि 5 साल में देश से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त कर देंगे।
योजनाएं गिनाई और गर्ग की तारीफ की
राजनाथ ने सभा में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं भी गिनाई। साथ ही बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 26 सौ करोड़ के कार्यों का भी उल्लेख किया। मंच से केंद्रीय राज्य मंत्री पी पी चौधरी और राज्यसभा सांसद रामनारायण डूडी की तारीफ भी की।