
Mandore Open Jail Moolaram-Seema Wedding: जोधपुर: जोधपुर स्थित मंडोर की खुली जेल में आज प्रेम, विश्वास और नए जीवन की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। जब हत्या के मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे दो कैदी मूलाराम और सीमा हमेशा-हमेशा के लिए परिणय सूत्र में बंध गए। खुली जेल परिसर में आयोजित हुए इस अनूठे विवाह समारोह में कैदी मूलाराम बाकायदा दूल्हा बनकर और सीमा दुल्हन के रूप में विवाह स्थल पहुंचे। दोनों ने एक-दूसरे के गले में वरमाला डाली और सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की।
इस विशेष शादी समारोह के दौरान कुल 21 बाराती उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से जेल प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस और जेल प्रशासन के लोगों ने इस शादी में न केवल एक गवाह की भूमिका निभाई, बल्कि दूल्हा और दुल्हन को आशीर्वाद देकर एक खुशहाल भविष्य की कामना भी की। खुली जेल के माहौल में हुए इस सादगीपूर्ण और पवित्र आयोजन ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
इस अनोखे विवाह का मार्ग राजस्थान उच्च न्यायालय के एक विशेष आदेश के बाद प्रशस्त हुआ था। दोनों ही बंदी हत्या के अलग-अलग मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। अच्छे आचरण के कारण दोनों को मंडोर की खुली जेल में स्थानांतरित किया गया था। जहां रहने के दौरान वे एक-दूसरे के संपर्क में आए और उन्होंने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।
विवाह के लिए दोनों पक्षों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। राजस्थान हाईकोर्ट ने मामले की संवेदनशीलता और बंदियों के पुनर्वास व मानवाधिकारों को ध्यान में रखते हुए इस विवाह को मंजूरी दी और आवश्यक पैरोल प्रदान करने के निर्देश दिए थे। हाईकोर्ट के इस ऐतिहासिक और अनूठे आदेश के बाद जेल प्रशासन ने शादी की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की थी।
जोधपुर की मंडोर खुली जेल में हुई यह शादी समाज और जेल सुधार प्रणाली के लिए एक बड़ा सकारात्मक संदेश है। यह दर्शाता है कि कानून की बंदिशों और सजा के बीच भी जीवन को एक नई दिशा दी जा सकती है। जेल अधिकारियों के अनुसार, खुली जेल व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य ही बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनमें सकारात्मक बदलाव लाना है।
मूलाराम और सीमा के इस निर्णय से उन्हें एक नया जीवनसाथी मिला है, जो सजा की अवधि पूरी होने के बाद भी एक-दूसरे का सहारा बने रहेंगे। शादी के सभी धार्मिक रीति-रिवाज पूरे होने के बाद जेल प्रशासन और मौजूद बारातियों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं और मिठाई बांटकर खुशियां मनाई।