जोधपुर

बारिश थमी, बादलों से उमस बढ़ी, जानिए फिर कब से सक्रीय हाेगा मानसून

www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
Jul 01, 2018
Rain

जोधपुर। मानसून धीमा पडऩे के साथ ही देश के उत्तर पश्चिमी हिस्से में शनिवार को बारिश की तीव्रता कम हो गई। जोधपुर सहित थार के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को बरसाती बादलों की आवाजाही जरूर हुई ,लेकिन पानी कहीं पर भी नहीं बरसा।

प्रदेश के कुछेक हिस्से में बूंदाबांदी होने के समाचार हैं। मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी ट्रैक के हिमालय तराई क्षेत्र में स्थानांतरित होने की वजह से राजस्थान सहित कुछ राज्यों में मानसूनी बारिश रुक गई है। 1 सप्ताह बाद मानसून के फिर से सक्रिय होने की उम्मीद है।

शहर में शनिवार की सुबह बादलों की आवाजाही बनी रही। बरसाती बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन चढऩे के साथ बादलों का घनत्व कम होता गया। हवा में 83 फीसदी नमी रहने की वजह से मौसम में उमस बढ़ती गई।

दोपहर में तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उमस भरी तपिश की वजह से लोग परेशान रहे। शाम ढलने के बाद तेज हवा चलने से मौसम जरूर खुशगवार रहा। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी यही मौसम बना रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार-पांच दिनों तक बरसात होनेे की संभावना कम ही है। पूरे प्रदेश के कुछेक पॉकेट में हल्की बरसात जरूर हो सकती है। जैसलमेर में रात का तापमान 26.9 डिग्री और दिन का 35.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यहां भी उमस बनी रही। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

Published on:
01 Jul 2018 11:18 am