17 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jodhpur : दिल्ली-जोधपुर वंदे भारत ट्रेन पर अज्ञात लोगों ने फेंके पत्थर, टूटे शीशे, अब ‘ब्लू सिटी’ से कटरा तक चलेगी सीधी ट्रेन

Jodhpur : दिल्ली से जोधपुर आ रही वंदे भारत ट्रेन 26482 पर अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके, जिससे ट्रेन के 2 कोच के विंडो के शीशे टूट गए। वहीं रविवार 18 अक्टूबर से जोधपुर से कटरा तक सीधी ट्रेन चलेगी। साथ ही जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस भी दो दिन बदले मार्ग से चलेगी।
2 min read
Google source verification
delhi jodhpur vande bharat train pelted stones jodhpur katra direct train

Jodhpur : दिल्ली-जोधपुर वंदे भारत ट्रेन। फाइल फोटो पत्रिका

Jodhpur : दिल्ली से जोधपुर आ रही वंदे भारत ट्रेन 26482 पर गुड़गांव-रेवाड़ी के बीच अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके, जिससे ट्रेन के दो कोच के विंडो के शीशे टूट गए। किसी यात्री को चोट आने की जानकारी नहीं है। पथराव की घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। रेलवे सूत्रों के अनुसार जोधपुर आ रही वंदे भारत ट्रेन दोपहर बाद गुड़गांव-रेवाड़ी से गुजरने के दौरान अज्ञात ने पत्थर फेंके। जो कोच सी-13 व सी-17 पर लगे, जिससे दोनों के विंडो के शीशे टूट गए। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि किसी के चोटिल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस दो दिन बदले मार्ग से चलेगी

बीना स्टेशन पर यार्ड री-मॉडलिंग कार्य के चलते जोधपुर मंडल से जुड़ी दो रेल सेवाएं परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। इससे जोधपुर-भोपाल स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बदले हुए मार्ग से सफर करना होगा। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम के अनुसार गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 18 व 19 अक्टूबर को भोपाल से संत हिरदाराम नगर, मक्सी और रुठियाई होकर संचालित होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 18 व 19 अक्टूबर को रुठियाई, मक्सी और संत हिरदाराम नगर होकर भोपाल पहुंचेगी।

जोधपुर से कटरा तक 18 अक्टूबर से सीधी ट्रेन, यात्रियों का सफर होगा आसान

जोधपुर से माता वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। रविवार से जोधपुर से श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस का विस्तार श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक कर दिया है। नई व्यवस्था रविवार से लागू होगी। इससे यात्रियों को जम्मूतवी में ट्रेन बदलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा और वे सीधे कटरा तक रेल यात्रा कर सकेंगे। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 19223 साबरमती बीजी-श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा एक्सप्रेस रविवार से प्रतिदिन जोधपुर से शाम 7 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 6.55 बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19224 श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा-साबरमती बीजी एक्सप्रेस 20 अक्टूबर से प्रतिदिन सुबह 4.50 बजे कटरा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4.40 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

तीन नए स्टेशनों पर ठहराव

अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन के विस्तार के साथ मार्ग में तीन नए स्टेशनों पर ठहराव की सुविधा भी दी गई है। इनमें साम्बा, बाड़ी ब्राह्मण और शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर ठहराव होने से आस-पास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी रेल यात्रा में सुविधा मिलेगी। इससे जम्मू क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों तक पहुंचना आसान होगा।

बुजुर्गों को बड़ी राहत

कटरा तक सीधी ट्रेन मिलने से वैष्णोदेवी दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सामान लेकर एक ट्रेन से दूसरी ट्रेन में जाने की जरूरत नहीं रहेगी। खासकर बुजुर्गों,महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को इससे राहत मिलेगी। जोधपुर से जम्मू-कश्मीर के प्रमुख धार्मिक स्थल तक सीधी रेल सुविधा मिलने से यात्रियों का सफर अधिक सुविधाजनक होगा और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।