जोधपुर

घूंघट की आड़ में चमका चोरों का हुनर…दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से महिलाओं ने चुराए लाखों के गहने

Theft in Jewelry Shop: राजस्थान में जोधपुर जिले के बालेसर कस्बे में महिलाओं ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की। घूंघट की आड़ में दुकानदार को बातों में उलझाकर उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये के 150 तोला चांदी के जेवर चुरा लिए।

2 min read
Jun 03, 2025
दुकान में बैठी महिलाएं (वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर)

Jodhpur Jewelry Shop Theft: जोधपुर के बालेसर कस्बे में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। कुछ अज्ञात महिलाएं दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गईं। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।


दुकानदार शेखर सोनी पुत्र कैलाशचंद्र सोनी ने बताया, उसकी दुकान पुराना पुलिस थाना सड़क गली में स्थित है। सोमवार सुबह करीब 11:28 बजे महिलाएं दुकान में घूंघट किए हुए आईं और दुकान के स्टॉफ से पायल दिखाने की बात कही। चारों महिलाएं एक साथ बोल रही थीं, जिससे स्टॉफ भ्रमित हो गया और पहचान कर पाना मुश्किल हो गया।


महिलाओं के बार-बार कहने पर स्टॉफ ने चांदी के डिब्बे निकालकर उनके सामने रख दिए। इसी दौरान एक महिला स्टॉफ को बातों में उलझाती रही, जबकि अन्य दो महिलाओं ने मौका पाकर करीब 150 तोला चांदी के जेवरात चुपचाप अपने कपड़े में छिपा लिए। इसके बाद सभी महिलाएं तेजी से दुकान से बाहर निकल गईं।


स्टॉफ ने जब सामान की गिनती किया


कुछ समय बाद जब स्टॉफ ने सामान को गिना तो कई चांदी के आइटम गायब मिले। शक होने पर तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया, जिसमें चारों महिलाएं चोरी करते हुए साफ नजर आईं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


महिला चोर गैंग सक्रिय


बताते चलें, इससे पहले भी जोधपुर शहरी क्षेत्र में ऐसी महिला चोर गैंग की सक्रियता देखी गई थी, जिनमें से कुछ को गिरफ्तार भी किया गया था। अब यह गैंग ग्रामीण इलाकों में भी सक्रिय हो चुकी है, जो दुकानदारों के लिए चिंता का विषय बन गया है।

Published on:
03 Jun 2025 09:19 am
Also Read
View All

अगली खबर