
जोधपुर.
करवड़ थानान्तर्गत नागौर रोड पर नेतड़ा व बावड़ी के बीच रविवार दोपहर बस व कार की भिड़ंत में कार चालक की मौत हो गई। शाम को शिनाख्त होने पर शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
थानाधिकारी राजूराम बामणिया के अनुसार झुंझुनूं में नवलगढ़ तहसील के सोंथली निवासी योगेश (31) पुत्र बनवारीलाल जाट दोपहर करीब सवा एक बजे कार में अकेला ही जोधपुर आ रहा था। बावड़ी से निकलने के बाद नेतड़ा से पहले कार की सामने से आई निजी बस से भिड़ंत हो गई। कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस भी क्षतिग्रस्त हुई। बस के साइड हिस्से में कार फंस गई और चालक योगेश उसमें बुरी तरह फंस गया। आस-पास के लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। फिर मशक्कत के बाद चालक योगेश चौधरी को बाहर निकालकर महात्मा गांधी अस्पताल के लिए भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
इस दौरान पुलिस पहले मौके पर फिर अस्पताल पहुंची। मृतक के पास मिले पहचान पत्र व बैंक पास बुक से उसकी पहचान योगेश जाट के रूप में हुई। बाद में स्थानीय रिश्तेदार ने मोर्चरी पहुंचकर मृतक की शिनाख्त की। परिजन के सोमवार को जोधपुर पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की संभावना है। मृतक निजी कम्पनी में मार्केटिंग विभाग में था। वह शनिवार को जोधपुर के लिए घर से निकला था। घटना के समय निजी बस खाली थी और मरम्मत कार्य कराने के बाद लौट रही थी।