
जोधपुर। सलमान के बॉडीगार्ड शेरा ने शनिवार को जोधपुर कोर्ट में मीडियाकर्मी के साथ धक्का मुक्की की। इसे लेकर वहां विवाद हो गया। दरअसल हुआ यूं कि सलमान की जमानत अर्जी पर आज फैसला होना है। इसके लिए सलमान की बहनें कोर्ट पहुंची थीं। शेरा उन्हें कोर्ट तक ले जाने के लिउ सिक्योरिटी देने को कार से उतरकर उनकी गाड़ी तक गया, जहां मीडिया बहनों की तस्वीरें उतार रहा था। कुछ उनकी बाइट भी लेना चाह रहे थे। लेकिन शेरा ने अलवीरा को घेरते हुए बाकी मीडिया वालों को ध्क्का देकर हटा दिया। इसकी वजह से वहां विवाद हो गया। हालांकि शेरा ने किसी की नहीं सुनी और तुरंत अलवीरा को लेकर कोर्ट में दाखिल हो गया।
पहले भी किया है ऐसा
इससे पहले आम्र्स एक्ट मामले की पेशी के बाद मुंबई के लिए लौटते बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा ने एयरपोर्ट पर एक फैन के साथ धक्का-मुक्की की थी। सलमान दोपहर एक बजे मुंबई लौटने के लिए जैसे ही जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे, फैंस ने उनको घेर लिया। एक फैन सलमान के साथ सेल्फी लेने का प्रयास करने लगा। इससे गुस्साए शेरा ने प्रशंसक को पकड़ कर दूर धकेल दिया। इस दौरान एक दो अन्य प्रशंसकों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
आपको बता दें कि बहुचर्चित काला हिरण शिकार प्रकरण में पांच साल की सजा सुनाए जाने के बाद जेल भेजे गए फिल्म अभिनेता सलमान खान की ओर से दायर सजा स्थगन की याचिका पर आज फिर सुनवार्इ हाेगी। जिला एवं सेशन न्यायालय के न्यायाधीश रविन्द्र कुमार जोशी अदालत पहुंच गए हैं।
सरकार की ओर से नियुक्त विशिष्ट लोक अभियोजक पोकरराम विश्नोई के निवेदन पर न्यायालय ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट से इस केस से जुड़ा रिकॉर्ड तलब किया है। सलमान की ओर से अधिवक्ता महेश बोड़ा तथा हस्तीमल सारस्वत ने 51 पेज में 54 बिन्दुओं को आधार बना कर सजा स्थगित कर उनकाे रिहा करने का आग्रह किया है।
क्या हाे सकता है?
पहली सम्भावना : शनिवार को जिला न्यायालय में सुनवाई होगी, केस का रिकाॅर्ड सामने होगा। सलमान की याचिका स्वीकार कर ली जाती है तो मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जोधपुर जिला के समक्ष आदेशानुसार जमानत मुचलके पेश किए जाएंगे, इसकी तस्दीक के बाद आदेश जेल भेजा जाएगा, जहां से सलमान को शाम तक रिहा किया जा सकता है। लेकिन जेल तक आदेश पहुंचने में शाम हो जाती है तो सलमान की मुश्किलें बढ़ सकती है। क्योंकि सूर्यास्त के बाद जेल का अंदर वाला द्वार बंद हो जाता है।
दूसरी सम्भावना : सुनवाई के बाद आदेश सुरक्षित रखा जाता है तो रविवार को अवकाश रहेगा और फैसला सोमवार को आएगा। तब तक सलमान को जेल में रहना होगा।
तीसरी सम्भावना : यदि याचिका खारिज कर दी जाती है तो सोमवार को उच्च न्यायालय में अपील प्रस्तुत की जाएगी, जहां सुनवाई मंगल या बुधवार को होगी।
चौथी सम्भावना : सलमान की सजा के स्थगन की अपील की सुनवाई करने वाले डिस्ट्रिक्ट जज का तबादला होने के बाद यदि वे शनिवार को रिलीव हो जाते हैं तो अन्य डिस्ट्रिक्ट जज के आने तक मामला एडीजे कोर्ट में शिफ्ट हो जाएगा। एेसे में सलमान की मुश्किलें बढ़ सकती है।