जोधपुर

शराब की दुकानों के लिए पहले दिन सात आवेदन

- नए वित्तीय वर्ष में आबकारी लाइसेंस प्रक्रिया शुरू, लॉटरी 7 को
2 min read
• •
Updated: 13 Feb 2020, 1:23 AM IST
शराब की दुकानों के लिए पहले दिन सात आवेदन
शराब की दुकानों के लिए पहले दिन सात आवेदन

जोधपुर. नए वित्तीय वर्ष 2020-21 में शराब की दुकानों के आवंटन के लिए आवेदन पत्र बुधवार से जमा होने शुरू हो गए। जिले में पहले दिन शाम चार बजे तक सात आवेदन पत्र जमा हुए। पहले दिन ऑनलाइन छह व ई-मित्र के जरिए एक आवेदन जमा हुआ।
जिला आबकारी अधिकारी उदयभानू चारण के अनुसार देसी, कम्पोजिट व शहरी क्षेत्र की आईएमएफएल (अंग्रेजी) और बीयर की दुकानों के लिए आवेदन २७ फरवरी की शाम तक जमा कराए जा सकेंगे। आवेदन पत्र आबकारी विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन, ई-मित्र से भी जमा कराए जा सकते हैं। लॉटरी ७ मार्च को निकलेगी। प्रत्येक आवेदन के साथ तीस हजार रुपए नेट बैंकिंग, ई-ग्रास चालान, डीडी या ई-मित्र के माध्यम से जमा कराने होंगे। एक व्यक्ति कितने भी आवेदन जमा करा सकता है। नेट बैंकिंग या ई-मित्र से भुगतान करने वाले आवेदक को आवेदन फार्म जमा कराने के लिए आबकारी कार्यालय में जमा कराने की आवश्यकता नहीं होगी। ई-ग्रास चालान या डीडी से भुगतान करने वाले आवेदक को आवेदन पत्र हार्ड कॉपी कार्यालय में जमा कराकर सत्यापित करवानी होगी।

जोधपुर शहर में 66 दुकानें

जिले में देसी शराब के 238 समूह हैं। जिनमें कम्पोजिट व देसी शामिल हैं। वहीं, भारत में निर्मित विदेशी मदिरा की शहर में जोधपुर में 66, बिलाड़ा व फलोदी में तीन-तीन और पीपाड़ में दो समूह के लिए आवेदन जमा होंगे।

एकाकी विशेषाधिकारी व धरोहर राशि घटाई

आबकारी की नई नीति के तहत एकाकी विशेषाधिकारी राशि 18 प्रतिशत की जगह 14.5 प्रतिशत की गई है। वहीं, धरोहर राशि 8 प्रतिशत की जगह चार प्रतिशत कर दी गई है। एेसे में लॉटरी में सफल आवेदक को वर्तमान की तुलना में कम राशि जमा करानी होगी। इससे आवेदन पत्र अधिक जमा होने की संभावना है।

आबकारी भवन में कन्ट्रोल रूम

आवेदन पत्र जमा कराने वालों की सहायता के लिए विभाग ने पावटा चौराहे के पास आबकारी भवन में 12 फरवरी से 7 मार्च तक सुबह आठ से राशि आठ बजे तक नियंत्रण केन्द्र स्थापित किया गया है।

Updated on:
13 Feb 2020, 1:23 AM IST
Published on: